PTB Big न्यूज़ अमृतसर : पंजाब के जिला अमृतसर में एक महिला ने पड़ोस में रहने वाली करीब 5 साल की बच्ची को बीच सड़क गिरा-गिराकर पीटा। घटना का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है। जिसमें महिला बच्ची को पकड़कर कुछ ही सेकेंड में कई थप्पड़ जड़ देती है। बच्ची को जमीन पर गिराती और फिर घसीटते हुए अपने घर की ओर ले जाती दिखाई दे रही है। इसी दौरान बच्ची को बचाने पहुंची उसकी मां को भी महिला धमकाती है।
.हालांकि, थोड़ी देर में आसपास के लोगों ने पहुंचकर बच्ची को महिला से छुड़ाया। पीड़ित बच्ची के परिजनों ने महिला के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बच्ची को पकड़ा, फिर लगातार थप्पड़ मारेः CCTV फुटेज की शुरुआत में बच्ची तेजी से सड़क पर भागती दिखती है। उसके पीछे उसकी मां भी भागकर आती है। इतने में आरोपी महिला भी भागकर आती है और
. .5 साल की बच्ची को पकड़कर पीटने लगती है। वह बच्ची को 3 सेकेंड में 6 थप्पड़ जड़ती है। जमीन पर गिराया, फिर घसीटकर ले गईः मारपीट के दौरान महिला बच्ची को जमीन पर गिरा देती है। इसके बाद उसे उठाने के बजाय घसीटते हुए अपने घर की तरफ ले जाती दिखती है। बच्ची इस दौरान खुद को छुड़ाने की कोशिश करती नजर आती है। बच्ची को पिटते देख उसकी मां मौके पर पहुंचती है और उसे महिला से छुड़ाने की कोशिश करती है।
.इसी दौरान आरोपी महिला गाली देते हुए उसे धमकाकर हटा देती है। बच्ची की मां भागते हुए जमीन पर गिर जाती है। लोगों ने पहुंचकर बच्ची को छुड़ायाः घटना के दौरान आसपास के लोग मौके पर पहुंचते हैं। लोग तुरंत बच्ची को महिला से छुड़ाते हैं। हालांकि, आरोपी महिला फिर भी नहीं रुकती और बच्ची को दोबारा पीटने को दौड़ती है, लेकिन लोग उसे बचाकर ले जाते हैं। घटना गुरुवार शाम करीब 7 बजे को जोड़ाफाटक के धर्मपुरा इलाके की है।
. .परिवार के मुताबिक, बच्ची का नाम मानिया है। उसके पैरों में पहले से दिक्कत है, इसलिए वह विशेष जूते पहनती है। परिवार का कहना है कि मानिया घर से सामान लेने के लिए बाहर गई थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली महिला ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। परिवार के मुताबिक, उन्हें अभी तक यह नहीं पता कि महिला ने बच्ची के साथ इस तरह मारपीट क्यों की।
.बच्ची के पिता पंकज के मुताबिक, मौके पर ट्यूशन पढ़ाने वाली एक टीचर पहुंची और उसने बच्ची को महिला से बचाया। वहीं, मां प्रियंका का कहना है कि समय रहते बच्ची को नहीं बचाया जाता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और बच्ची को वहां से हटाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला की मानसिक हालत ठीक नहीं है और उसके व्यवहार से मोहल्ले के लोग पहले से परेशान रहते हैं।
यह भी पढ़ें : पंजाब : स्कॉर्पियो में जिंदा जला युवक, टिप्पर से हुई भीषण टक्कर के बाद लगी थी आग
हालांकि, महिला की मानसिक स्थिति को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। इसलिए इस दावे की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। पिता पंकज ने पुलिस कमिश्नर अमृतसर से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। परिवार का आरोप है कि संबंधित महिला पहले भी इलाके में हंगामा कर चुकी है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
































