PTB Big Political न्यूज़ पटियाला : पटियाला से कांग्रेस सांसद परनीत कौर द्वारा कांग्रेस पार्टी को छोड़ने के संकेत आज उस समय मिले जब उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर ‘कैप्टन फॉर 2022’ की प्रोफाइल पिक्चर लगा दी, यह फोटो अब लगातार वायरल हो रही है / पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर को कांग्रेस नोटिस भी जारी कर चुकी है, हालांकि अभी तक उन्होंने कांग्रेस नहीं छोड़ी है /
सांसद परनीत कौर के इस फोटो से साफ है कि पंजाब विधानसभा चुनाव में वह कांग्रेस छोड़ चुके पति कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ होंगी / कैप्टन की पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी की तरफ से चुनाव प्रचार करेंगी / कैप्टन इस पार्टी के जरिए BJP से सीट शेयरिंग कर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे /

परनीत कौर पटियाला से कांग्रेस की टिकट पर सांसद हैं / अगर वह कांग्रेस खुद छोड़ देती हैं तो दलबदल कानून के तहत वह सांसद नहीं रह पाएंगी / अगर कांग्रेस उन्हें खुद निकाल देती है तो फिर वह सांसद भी बनी रहेंगी / शायद यही वजह है कि वह कैप्टन के साथ हैं लेकिन औपचारिक तौर पर कांग्रेस नहीं छोड़ी है /
पंजाब कांग्रेस इंचार्ज हरीश चौधरी ने परनीत कौर को शो-कॉज नोटिस जारी किया था / उन्होंने पूछा था कि परनीत कौर स्पष्ट करें कि वह कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ हैं या फिर कांग्रेस के, इसका जवाब दिया गया या नहीं, इसको लेकर कांग्रेस ने कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है / यह नोटिस तब दिया गया, जब परनीत कैप्टन और पटियाला के समर्थक पार्षदों के साथ नजर आईं थी /

































