PTB Big News धर्मशाला : हिमाचल विधानसभा के बाहर दरवाजे पर खालिस्तानी झंडे लगे होने के बाद हड़कंप मच गया। घटना पर SP कांगड़ा, ने कहा कि यह घटना देर रात या सुबह की हो सकती है। हमने विधानसभा गेट से खालिस्तान के झंडे हटा दिए हैं। यह पंजाब के कुछ पर्यटकों की हरकत हो सकती है।
बता दें कि धर्मशाला तपोवन स्थित विधानसभा भवन की एक वीडियो भी वायरल हो रही है। ये वीडियो विधानसभा भवन के बाहर गेट की है जहां पर खालिस्तानी झंडे नज़र आ रहे हैं। ये वीडियो 12 सेकेंड की है। वीडियो वायरल होने के बाद धर्मशाला में हड़कंप मचा। ये झंडे किसने लगाये इसकी जांच पड़ताल चल रही है। वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और SDM भी मौके पर पहुंची।
बता दें कि विधानसभा की दीवारों पर भी खालिस्तान लिखा गया है। अभी तक ये पता नहीं चल पाया है कि ये झंड़े किसने यहां पर लगाए हैं। फिलहाल पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर ये पता लगाने में जुटी है कि आखिर ये झंडे किसने और क्यों लगाए हैं।हिमाचल प्रदेश के पड़ोसी राज्यों में लगातार बढ़ती आतंकवाद मॉड्यूल पकड़े जाने की घटनाओं को लेकर हिमाचल सरकार ने चौकसी और सुरक्षा बढ़ाई थी।
बावजूद इसके इस तरह की वारदात हो जाना सुरक्षा व्यस्था पर सवाल उठा रही है। बता दें कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा था कि पड़ोसी राज्यों में लगातार आतंकी मॉड्यूल्स का सक्रिय होना और भारी असले के साथ पकड़ा जाना चिंताजनक है। हिमाचल ने भी एहतियातन सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ाई है। हिमाचल की सीमाओं पर अतिरिक्त पहरा रहेगा।