PTB Big न्यूज़ अमेरिका : दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टो एक्सचेंज Binance में 6.3 अरब डॉलर की चोरी ने भारतीय क्रिप्टो बाजार की टेंशन बढ़ा दी है। भारत के कई एक्सचेंज फ्यूचर्स ट्रेडिंग के लिए Binance से मिलने वाली लिक्विडिटी पर निर्भर हैं। हैकिंग की खबर के बाद CoinDCX ने भी फ्यूचर्स ट्रेडिंग को अस्थायी रूप से Reduce-Only मोड में डाल दिया। आखिर Binance में हुई चोरी से भारतीय एक्सचेंजों का कारोबार कैसे प्रभावित हो सकता है?
.Binance क्रिप्टो की दुनिया में एक बड़ा नाम है। एक दिन पहले जब इस प्लेटफॉर्म पर 6.3 अरब डॉलर यानी करीब 56 हजार करोड़ रुपये की चोरी हुई तो पूरी इंडस्ट्री हिल गई। पहले लगा कि एक विदेशी कंपनी में सेंधमारी हुई है, लेकिन अब पता चल रहा कि भारत तक इसकी आंच पहुंच सकती है। इसलिए भारत के क्रिप्टो एक्सचेंजों की सांस अटक गई है। वजह कई क्रिप्टो एक्सचेंज अपने फ्यूचर्स कारोबार के लिए Binance से मिलने वाली लिक्विडिटी पर निर्भर हैं।
.यानी Binance में परेशानी आती है, तो संकट आना तय है। लिक्विडिटी मतलब किसी चीज को खरीदने या बेचने के लिए बाजार में पर्याप्त खरीदार और विक्रेता मौजूद हों। मान लीजिए आपके पास बिटकॉइन है और आप उसे तुरंत बेचना चाहते हैं। अगर बाजार में खरीदने वाले लोग मौजूद हैं, तो आपका सौदा जल्दी हो जाएगा, लेकिन अगर खरीदार ही नहीं हैं, तो आपको या तो इंतजार करना पड़ेगा या कम कीमत पर बेचना होगा।
.यही वजह है कि क्रिप्टो एक्सचेंजों के लिए लिक्विडिटी बहुत जरूरी होती है। फ्यूचर्स ट्रेडिंग में इसकी अहमियत और भी ज्यादा है। इसमें लोग केवल क्रिप्टो खरीदकर रखने का कारोबार नहीं करते, बल्कि कीमत बढ़ने और गिरने दोनों पर दांव लगा सकते हैं। इसके लिए एक्सचेंज को बड़ी संख्या में खरीद और बिक्री के ऑर्डर चाहिए। Binance जैसे बड़े प्लेटफॉर्म से मिलने वाली लिक्विडिटी इन ऑर्डरों को पूरा करने में मदद करती है।
.अगर यह सहारा अचानक कमजोर पड़ जाए, तो सौदे पूरे होने में परेशानी आ सकती है। खरीद और बिक्री की कीमतों में अंतर बढ़ सकता है और बाजार में उतार-चढ़ाव भी तेज हो सकता है। Moneycontrol की रिपोर्ट के मुताबिक, Binance से करीब 6.3 अरब डॉलर की क्रिप्टो संपत्ति चोरी हुई है। ब्लॉकचेन इंटेलिजेंस कंपनी TRM Labs ने इस हमले के पीछे उत्तर कोरिया के हैकर समूह TraderTraitor का हाथ होने की बात कही है।
.कंपनी का दावा है कि उसके पास इस निष्कर्ष के समर्थन में मजबूत ऑन-चेन और दूसरी खुफिया जानकारियां हैं, हालांकि, इस मामले की अंतिम जांच रिपोर्ट का इंतजार है। चोरी की पूरी रकम को हैकरों के हाथ में जाने से रोकने के लिए कई कंपनियों ने कदम उठाए। Tether ने 1.5 अरब डॉलर से ज्यादा के USDT टोकन फ्रीज किए. Circle ने करीब 80 करोड़ डॉलर के USDC को फ्रीज किया।
.यह भी पढ़ें : शेयर बाजार में आज फिर देखने को मिली गिरावट
Ripple और BitGo जैसी कंपनियों ने भी चोरी से जुड़े कुछ वॉलेट के टोकन रोकने की कार्रवाई की। इस तरह करीब 3 अरब डॉलर की संपत्ति सुरक्षित की गई। इसके अलावा Binance ने अपने सिक्योर एसेट फंड फॉर यूजर्स यानी SAFU फंड से करीब 1.17 से 1.2 अरब डॉलर का सुरक्षा कवच दिया है। कंपनी ने बाकी कमी को भी पूरा करने की बात कही है।
.यह भी पढ़ें : परविंदर सिंह झोटा और गुलजार सिंह के परिवारों को ‘X’ कैटेगरी सिक्योरिटी
इस घटना के बाद भारत में इसका असर दिखने लगा. CoinDCX ने अपने फ्यूचर्स कारोबार को अस्थायी रूप से Reduce-Only मोड में डाल दिया। इसका मतलब है कि ग्राहक अपनी पहले से खुली पोजिशन को कम या बंद कर सकते हैं, लेकिन नई पोजिशन नहीं खोल सकते और पुरानी पोजिशन का आकार भी नहीं बढ़ा सकते, हालांकि, कंपनी ने कहा कि प्लेटफॉर्म पर जमा और निकासी की सुविधा जारी है।
यह फैसला इसलिए अहम है क्योंकि इससे पता चलता है कि किसी बड़े वैश्विक एक्सचेंज में आई दिक्कत भारत के प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकती है। Liminal के वरिष्ठ अधिकारी मनहर गरेग्राट ने Moneycontrol से कहा कि भारत के क्रिप्टो एक्सचेंजों का Binance से किसी न किसी रूप में जुड़ाव है। उनके मुताबिक, यह घटना कंपनियों की कारोबार जारी रखने की क्षमता और जोखिम प्रबंधन की परीक्षा है। उन्होंने यह भी कहा कि फ्यूचर्स जैसे कुछ उत्पादों के लिए Binance के विकल्प सीमित हैं।
































