PTB Crime न्यूज़ हरियाणा : हरियाणा के सिरसा से एक बड़ी ख़बर सामने आ रही है। जहां आज यानि मंगलवार सुबह उस समय नेशनल हाईवे पर सनसनी फैल गई जब सिकंदरपुर पुल के पास चार बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर डॉक्टर से मोटरसाइकिल, नकदी और अन्य सामान लूट लिया और फरार हो गए।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच करने में जुट गई है। वहीं पुलिस को दी शिकायत में रामबहादुर ने बताया कि वह डॉक्टर है। आज सुबह चार बजे वह सिरसा से सिकंदरपुर अस्पताल की तरफ जा रहा था।
वह जब सिकंदरपुर पुल के पास पहुंचा तो चार बदमाश पुल के नीचे से निकल उसके मोटरसाइकिल के आगे आ गए और उसे रोक लिया। इसी दौरान एक लड़के ने उसे पिस्तौल दिखाकर उसका मोटरसाइकिल, 800 रुपये की नकदी, लाइसेंस और मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए।
पीड़ित ने बताया कि चारों लड़कों ने पेंट शर्ट पहनी हुई थी और लंबे कद के थे। उसने अन्य किसी का मोबाइल लेकर मामले की जानकारी पुलिस को दी। वहीं सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच कर रही है।






























