PTB Big न्यूज़ नोएडा : हाल ही में यूपी के नोएडा में एक पब में की गई शख्स की हत्या के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त फैसला लिया है। अब नोएडा में किसी भी पब या बार में कोई भी बाउंसर नहीं रखा जाएगा। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने होटल संचालकों से बैठक करते हुए इसे लेकर सख्त आदेश दे दिए हैं।
ग्रेटर नोएडा सूरजपुर कलेक्ट्रेट पर आबकारी के अधिकारियों ने होटल रेस्टोरेंट के मालिकों के साथ की बैठक की, जिसमें साफतौर पर कहा गया कि होटल रेस्टोरेंट में बाउंसर किसी भी कीमत पर नहीं रखे जाएंगे। साथ ही कस्टमर के साथ किसी भी तरह की अभद्रता व मारपीट न हो, इसके लिए भी कहा गया है। वहीं, किसी भी तरह के सहयोग के लिए पुलिस व आबकारी को सूचित करने के लिए कहा गया है। बता दें कि यह फैसला नोएडा के मॉल में बाउंसर द्वारा युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के बाद आबकारी विभाग ने लिया है।
आबकारी विभाग हुए मर्डर के बाद एक्शन मोड में है। बता दें कि नोएडा के गार्डन गैलेरिया मॉल में सोमवार देर रात हुए विवाद में 30 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मृतक की पहचान बृजेश राय के रूप में हुई है, जिसे बिल भुगतान को लेकर हुए विवाद के बाद लॉस्ट लेमन्स बार में बाउंसरों ने पीट-पीट कर मार डाला था।
हत्या के मामले में आबकारी विभाग और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पब को सील कर दिया है। पब का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नोएडा) रणविजय सिंह ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा के बाद संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि एक और व्यक्ति की पहचान की गई है जो फरार है। चौंकाने वाली घटना के बाद अधिकारियों द्वारा गार्डन गैलेरिया मॉल में सभी बार में छापेमारी की, जिसमें लगभग दो दर्जन पब और लाउंज हैं।






























