PTB न्यूज़ “शिक्षा” : एच.एम.वी. कॉलेजिएट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जालंधर में ‘रूबरू’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यातिथि के तौर पर प्रसिद्ध समाज सेवी श्री सुक्खी बाठ उपस्थित हुए। प्राचार्या प्रो. डॉ. (श्रीमती) अजय सरीन ने ग्रीन प्लांटर व स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया। +1 की छात्राओं ने स्वरचित कविताएं सुनाईं।
श्री सुक्खी बाठ ने अपने संबोधन में कहा कि हमें लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को लेकर भी सजग रहना चाहिए। सकारात्मक सोच रखनी अति आवश्यक है। उन्होंने जरूरतमंद छात्राओं की फीस भरी व आगे भी उनकी मदद करने की वचनबद्धता दी।
प्राचार्या प्रो. डॉ. (श्रीमती) अजय सरीन ने उनका धन्यवाद किया व कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं की सोच में सकारात्मकता का संचार करना है और ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक सिद्ध हो सकते हैं। स्कूल कोआर्डिनेटर श्रीमती मीनाक्षी स्याल ने भी उनका धन्यवाद किया व कहा कि इन अनमोल विचारों को अपनाकर जीवन को सही दिशा में अग्रसर किया जा सकता है। मंच संचालन श्रीमती कुलजीत कौर ने किया। इस दौरान पंजाबी विभागाध्यक्ष श्रीमती नवरूप कौर व स्टाफ के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।



































