PTB Big न्यूज़ जालंधर : पंजाब में किसानों ने एक बार फिर से रेलवे लाइनों पर धरना लगा दिया है / किसानों का कहना है कि पंजाब सरकार ने सिंतबर महीने में मीटिंग कर जान गंवाने वाले किसानों के परिजनों को मुआवजे के साथ नौकरी देने व कुछ अन्य मांगों पर सहमति जताई थी, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया है / पंजाब सरकार अपने वादे से भाग रही है /
वहीं किसानों का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती धरना जारी रहेगा / वैसे किसानों ने दो दिन तक रेलवे ट्रैक बंद रखने का ऐलान किया हुआ है / कल भी रेलों की आवाजाही प्रभावित रहेगी / टांडा में रेलवे ट्रैक पर होशियारपुर जिले के साथ-साथ गुरदासपुर और जालंधर के कुछ क्षेत्रों के आए किसानों ने धरना लगाया और जमकर नारेबाजी की /
टांडा में पंजाब किसान यूनियन के उपाध्यक्ष सविंदर सिंह चुताला के नेतृत्व में किसानों ने रेलवे ट्रैक पर धरना लगाया है / इससे जालंधर-दिल्ली ट्रैक बंद हो गया है / ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है / चुताला ने कहा कि यदि सरकार ने उनकी मांगे पूरी नहीं की तो वो दो दिन नहीं फिर अनिश्चितकाल के लिए रेलवे ट्रैक पर बैठ जाएंगे /
इसी तरह से आज किसानों की विभिन्न जत्थेबंदियों ने फिरोजपुर, मानावाला (अमृतसर), तरनतारन में रेलवे लाइनों पर बैठकर प्रदर्शन किया / यहां पर भी रेलवे को ट्रेनें रद्द करने पड़ी, जिससे यात्रियों को खासी परेशानी उठानी पड़ी / वहीं उत्तर रेलवे ने अमृतसर, पठानकोट, जम्मू तवी, फिरोजपुर से चलने वाली सारी ट्रेंने अगले आदेश तक रद्द कर दी हैं /
रेलवे ने जारी अपने पत्र में कहा है कि ट्रेंने अगले आदेश तक रद्द रहेंगी / पठानकोट-जम्मू तवी से जालंधर शहर या कैंट आने वाली, जालंधर शहर या जालंधर कैंट से पठानकोट-जम्मू तवी को जाने वाली, अमृतसर से जालंधर- पठानकोट और जालंधर पठानकोट से अमृतसर की तरफ जाने वाली, फिरोजपुर से लुधियाना, बठिंडा से फिरोजपुर की तरफ आने-जाने वाली सभी रेल गाड़ियां रद्द रहेंगी /



































