PTB Crime News पानीपत : हरियाणा के पानीपत जिले के इसराना कस्बे में खुशी का माहौल एकदम गम में बदल गया. यहां एक शादी समारोह में डीजे पर हर्ष फायरिंग के दौरान डांस कर रहे युवक की मौत हो गई. घायल अवस्था में युवक को तुरंत नजदीकी एनसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मामले की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलने पर इसराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक खुद भी आदतन अपराधी था. वह हत्या समेत कई मामलों में विचाराधीन था और लंबू गैंग का शूटर था. हालंकि, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि यह हादसा है या फिर रंजिशन हत्या है.
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि समालखा के बुडशाम गांव से लड़के की शादी पंजाब निवासी युवती के साथ हुई थी. शादी की रिश्पेशन पार्टी इसराना के एक होटल में आयोजित की गई थी. इस पार्टी में सिवाह का रहने वाला बदमाश अरविंद उर्फ सोनू उर्फ तोता निवासी सिवाह भी शामिल हुआ था. वह लड़का पक्ष की ओर से शामिल हुआ था. अरविंद के साथ उसके और भी साथी पार्टी में आए थे और डीजे बज रहा था. डीजे पर नाचने वाले अधिकांश युवक शराब का भी सेवन कर रहे थे. इसी बीच अरविंद के दोस्त दीपक पुत्र चंद्रभान ने अपने किसी तीसरे साथी की पिस्तौल ली.
वह पिस्तौल से हवाई फायर करने के लिए पिस्तौल को लोड करने लगा. इसी बीच हाथ ऊपर होते-होते गोली सामने ही चल गई. गोली सामने खड़े बदमाश अरविंद उर्फ तोता के पासू में जा लगी, जिससे उसकी मौत हो गई. जैसे ही तोते को गोली लगी, वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इसी अफरा-तफरा का फायदा उठाते हुए आरोपी दीपक मौके से फरार हो गया. मगर वारदात के करीब 1 घंटा बाद आरोपी खुद एनसी मेडिकल कॉलेज पहुंचा और पुलिस के सामने घटना का कुबूलनामा करते हुए सरेंडर किया.
मामले में परिजनों ने लगाए साजिशन हत्या के आरोप। मृतक के भाई संदीप ने बताया कि उसका 30 साल का भाई अरविंद जिस समारोह में शामिल होने गया था, वो उन्हें जानता तक नहीं था. हत्या की साजिश के तहत उसे गांव बुड़शाम के रहने वाले निशांत व दीपक घर से बुलाकर ले गए थे और शादी समारोह में घटना को अंजाम दे दिया. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पानीपत के सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया है. जब परिजनों को जब वारदात का पता चला तो काफी संख्या में परिजन पानीपत के अस्पताल में एकत्रित हो गए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.





































