PTB Political News चंडीगढ़ : शपथ ग्रहण के 2 दिन बाद पंजाब सरकार के मंत्रियों को विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। सबसे अहम गृह और कर एवं आबकारी मंत्रालय सीएम भगवंत मान के पास रहेगा। हरपाल चीमा को पंजाब का नया वित्त मंत्री बनाया गया है। सबसे चुनौती वाला शिक्षा विभाग गुरमीत सिंह मीत हेयर दिया गया है। हरजोत बैंस को कानून और टूरिज्म मंत्री बनाया गया है।
हरभजन सिंह ETO बिजली मंत्री होंगे। डॉ. बलजीत कौर को सामाजिक सुरक्षा और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय दिया गया है। लालचंद कटारूचक्क को फूड एवं सिविल सप्लाई मंत्री बनाया गया है। लालजीत भुल्लर को ट्रांसपोर्ट मंत्री बनाया गया है।
ब्रह्मशंकर जिंपा को वाटर सप्लाई और कुदरती आपदा प्रबंधन मंत्री बनाया गया है। सेहत विभाग डॉ. विजय सिंगला को दिया गया है। कुलदीप धालीवाल को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री बनाया गया है। मंत्रियों को साथ में कुछ और विभाग भी दिए गए हैं। इस बारे में सरकार की तरफ से अभी औपचारिक घोषणा होनी बाकी है।
पंजाब में मुख्यमंत्री समेत 18 मंत्री बन सकते हैं। इनमें भगवंत मान सीएम बन चुके हैं। इसके अलावा 10 मंत्रियों ने कल शपथ ले ली। हालांकि अब 7 मंत्रियों की जगह बची है। यह पद आप सरकार कब भरती है, इसको लेकर सबकी नजर है।





































