PTB City न्यूज़ जालंधर : एसीपी नॉर्थ के घर बाहर आत्महत्या करने वाले पंजाब पुलिस के ASI की रिकॉर्ड की गई वीडियो सामने आई है। वीडियो में ASI स्वर्ण सिंह बोल रहा है कि ACP और उसके दोस्त उसे दो साल से परेशान कर रहे हैं, प्रताड़ित कर रहे हैं। मेरी मौत के लिए यह सभी जिम्मेदार होंगे। ASI ने यह वीडियो विदेश में रहती अपनी बेटी को भेजी थी। इसके बाद उसने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली थी।
हालांकि शाम को पुलिस ने एएसआई स्वर्ण सिंह की पत्नी रणजीत कौर के बयान पर एसीपी नॉर्थ सुखजिंदर सिंह और उसके दो अन्य साथियों राजीव अग्रवाल उर्फ लाला निवासी लक्ष्मीपुरा और गुर इकबाल सिंह निवासी न्यू संतोखपुरा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर लिया है, इन सबके बीच हैरानी वाली बात तो यह है कि मामला दर्ज होने के बावजूद भी जालंधर पुलिस ने अभी तक अपने इस अधिकारी व उसके अन्य साथियों को गिरफ्तार ना करने की बजाए इस मामले से बचने का पूरा मौका दे रही है कि वह किसी भी अदालत में जाकर अपनी अग्रिम जमानत करवा लें ताकि उनकी ऑन रिकार्ड अरेस्ट ना करना पड़े।
विदेश में अपनी बेटी को भेजी वीडियो में ASI स्वर्ण सिंह ने कहा कि वह एसीपी नॉर्थ की कोठी के बाहर खड़े हैं। उन्हें दो साल से प्रताड़ित किया जा रहा है। ACP और उसके दोस्तों ने शराब पी रखी है। वह देर रात एक बजे तक ड्यूटी पर हैं। ACP और उसके दोस्त 5056 गाड़ी में हैं। वह परेशान होकर आत्महत्या करने जा रहे हैं। उनकी मौत के लिए ACP नॉर्थ जिम्मेदार होंगे। मेरी परेशानी के मेरे लैपटॉप में भी सुबूत हैं और मेरे घर पर भी सुबूत हैं। यह मेरी अंतिम कॉलिंग हैं जो मेरी बेटी को जा रही है, और मेरे बेटे को जा रही है। यह मुझसे फोन छीनने की कोशिश कर रहे हैं।
परिजनों के अनुसार ASI स्वर्ण सिंह ने इस वीडियो को भेजने के बाद ही तुरंत अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली थी। पत्नी रणजीत कौर ने बताया कि उन्होंने वीडियो के तुरंत बाद फोन भी किए, लेकिन कई घंटियों करने बाद अंत में ACP नॉर्थ सुखजिंदर सिंह ने फोन उठाया और सिर्फ इतना कहा कि स्वर्ण सिंह ने सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। इसके बाद फोन काट दिया।
मृतक ASI स्वर्ण सिंह की पत्नी रणजीत कौर ने इस पूरे घटना पर सवाल खड़े किए। रणजीत कौर के अनुसार उसके पति ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या नहीं की बल्कि उसकी हत्या की गई है। रात को उनके पति ने जो वीडियो बच्चों को भेजा, उसमें वह कुछ अधिकारियों के साथ बहस करते नजर आ रहे थे। स्वर्ण सिंह ने यह वीडियो रात 12:23 बजे वीडियो भेजा। इसके 15 मिनट बाद उसने स्वर्ण सिंह के मोबाइल पर कॉल की तो किसी ने फोन नहीं उठाया।
रणजीत कौर ने बताया कि वह अपने बेटे को साथ लेकर गांव शेखे से गढ़ा पहुंची तो वहां पुलिस वालों ने उन्हें पति का शव नहीं देखने दिया। पुलिस शव उठाकर सीधे अस्पताल ले गई। वहां भी उन्हें शव नहीं देखने दिया गया। रणजीत कौर ने आरोप लगाया कि पुलिस तथ्यों को मिटाना चाहती है और कुछ बातों को छिपाना चाहती है इसलिए उन्हें अपने पति की बॉडी नहीं देखने दी गई।
रणजीत कौर ने कहा कि उनके पति स्वर्ण सिंह ने जो वीडियो अपने बच्चों को भेजा, उसमें वह लोगों से कह रहे थे कि शराब मत पियो। उस वीडियो में ACP नॉर्थ सुखजिंदर सिंह भी खड़े नजर आ रहे थे। 12:23 बजे के बाद क्या हुआ? उसके बारे में जानकारी नहीं है। रणजीत कौर ने कहा कि इंसाफ के लिए पुलिस कमिश्नर से लेकर उच्च अधिकारीयों तक जहां भी जरूरत पड़ी, वहां जाकर अपना पक्ष रखेंगे और न्याय की गुहार लगाएंगे।








































