PTB Big Political न्यूज़ चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी पंजाब के महासचिव अनिल सरीन ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब में जीएसटी के नाम पर खुली लूट, धमकी और डर का राज कायम किया गया है। वित्त मंत्री हरपाल चीमा द्वारा जीएसटी राजस्व में 16 प्रतिशत वृद्धि के दावे केवल आंकड़ों की हेराफेरी और जनता के साथ धोखा हैं। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रमुख विनीत जोशी और सह-कोषाध्यक्ष सुखविंदर सिंह गोल्डी भी उपस्थित थे।
. .अनिल सरीन ने कहा कि अप्रैल से नवंबर तक 17,860 करोड़ रुपये का कलेक्शन दिखाकर आम आदमी पार्टी पंजाब की जनता को मूर्ख समझ रही है। हकीकत यह है कि व्यापारियों के जीएसटी रिफंड जानबूझकर महीनों से रोके गए हैं, मई से लेकर आज तक फाइलें धूल खा रही हैं और सरकार झूठा राजस्व दिखाकर अपनी नाकामी छिपा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जीएसटी विभाग को हर व्यापारी पर चार-चार निरीक्षण और हर महीने लगभग 100 करोड़ रुपये की लक्षित वसूली के आदेश दिए गए हैं।
.यह भी पढ़ें : कांग्रेस के कई नेता भाजपा में हुए शामिल, पार्टी को पंजाब में मिली बड़ी मजबूती,
.अधिकारियों द्वारा पेनल्टी के नाम पर धमकियां, नोटिसों की बौछार और स्टेट इंटेलिजेंस के इस्तेमाल के जरिए व्यापारियों को दबाने की नीति अपनाई जा रही है। अनिल सरीन ने कहा कि सरकार ने खुद स्वीकार किया है कि स्टेट इंटेलिजेंस के माध्यम से हुई कलेक्शन 321 करोड़ से बढ़कर 618 करोड़ रुपये हो गई है। यह साफ साबित करता है कि डराकर, धमकाकर और घुटने टेकने पर मजबूर करके पैसा निकाला जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में टैक्स सुधार नहीं कहा जा सकता।
. .भाजपा नेता ने सीधा सवाल किया कि यदि वास्तव में राजस्व बढ़ रहा है तो फिर शिक्षकों, स्वास्थ्य कर्मचारियों, नेशनल हेल्थ मिशन के कर्मचारियों, अर्बन बॉडीज़ के कर्मचारियों और पेंशनरों को अपनी तनख्वाहों और पेंशनों के लिए सड़कों पर क्यों उतरना पड़ रहा है? यह साबित करता है कि पंजाब का खजाना खाली है और सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। अनिल सरीन ने कहा कि एक तरफ आम आदमी पार्टी ‘ईज़ ऑफ बिज़नेस’ के झूठे दावे कर रही है
. .और दूसरी तरफ व्यापारियों की वर्किंग कैपिटल जब्त कर उन्हें कारोबार बंद करने की ओर धकेला जा रहा है। इसका नतीजा काले धंधे, गैरकानूनी लेन-देन और आर्थिक अराजकता के रूप में सामने आएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी आम आदमी पार्टी सरकार की होगी। अनिल सरीन ने कहा कि आम आदमी पार्टी के जीएसटी आंकड़े पूरी तरह फर्जीवाड़े, जबरदस्ती और धोखे पर आधारित हैं। भारतीय जनता पार्टी इस टैक्स टेररिज़्म को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी और व्यापारियों के रिफंड बिना देरी तत्काल जारी किए जाएं।










































