PTB News “शिक्षा” : शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों की निरंतर परंपरा को आगे बढ़ाते हुए आईवी वर्ल्ड स्कूल के 24 मेधावी विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित ‘प्रतिभा सम्मान समारोह 2026’ हेतु किया गया है। यह सम्मान समारोह देश के अग्रणी समाचार पत्र समूह दैनिक जागरण द्वारा आयोजित किया गया , जिसका उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका प्रोत्साहन बढ़ाना था ।
. .आईवी वर्ल्ड स्कूल के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं के कुल 24 विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए इस प्रतिष्ठित मंच पर सम्मानित किया गया । इनमें कक्षा 10वीं के विद्यालय स्तर के शीर्ष 8 रैंक धारक विद्यार्थी तथा कक्षा 12वीं के विभिन्न संकायों — नॉन-मेडिकल, मेडिकल, कॉमर्स एवं ह्यूमैनिटीज़ से शीर्ष 3-3 विद्यार्थी शामिल हैं।
. .यह सम्मान समारोह शुक्रवार, 29 मई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से रेड क्रॉस भवन, लाजपत नगर, जालंधर में आयोजित किया गया , जहाँ क्षेत्रभर के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया । विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान विद्यार्थियों की अथक मेहनत, शिक्षकों के समर्पण तथा अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है।
.वासल एजुकेशन प्रबंधन के चेयरमैन श्री संजीव कुमार वासल जी ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी और कहा कि “दैनिक जागरण द्वारा दिया जा रहा यह सम्मान हमारे विद्यार्थियों की मेहनत और प्रतिभा का प्रमाण है। हमें अपने इन होनहार विद्यार्थियों पर गर्व है और हम उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।”‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली एक प्रेरणादायक पहल है, जो युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने का कार्य करती है।
. .








































