PTB News “शिक्षा” : आयोजित स्कूल जिला स्तरीय बास्केटबॉल टूर्नामेंट में ब्रिटिश ओलिविया स्कूल, जालंधर की टीम ने अपने बेहतरीन खेल कौशल, तकनीकी दक्षता और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) अपने नाम कर स्कूल का नाम रोशन किया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान स्कूल की टीम ने प्रतिद्वंद्वी टीमों के खिलाफ अपना दबदबा बनाए रखा।
metaslider id=”7630″].
.नॉकआउट चरण के पहले मुकाबले में टीम ने जोन नंबर 3 को बड़े अंतर से हराकर अपने विजयी अभियान की शुरुआत की। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में जोन नंबर 12 को शिकस्त दी और सेमीफाइनल में जोन नंबर 8 की टीम को पराजित कर शानदार अंदाज में फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला जोन नंबर 2 के खिलाफ खेला गया, जिसमें ब्रिटिश ओलिविया स्कूल ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए 48–8 के बड़े अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
.टीम के कप्तान शौर्य ने शानदार नेतृत्व और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब हासिल किया। इस जीत में अनमोलदीप, एकमवीर, गुरित और मौलिक ने बेहतरीन बास्केटबॉल एवं अटैकिंग गेम का प्रदर्शन किया, जबकि गितांश और धैर्य ने रक्षात्मक मोर्चे पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता के पीछे टीम की कोच विजेता की कड़ी मेहनत, सटीक रणनीति और खिलाड़ियों के प्रति समर्पण प्रमुख आधार रहा। उनकी कुशल कोचिंग के चलते टीम ने यह शानदार मुकाम हासिल किया।
.इस शानदार सफलता पर स्कूल के चेयरमैन श्री विजय मैनी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेल केवल शारीरिक तंदुरुस्ती ही प्रदान नहीं करते, बल्कि मानसिक मजबूती, अनुशासन, समय की पाबंदी और टीम भावना जैसे जीवन-मूल्यों की भी शिक्षा देते हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में चुनौतियों का सामना करने तथा हार-जीत को सहजता से स्वीकार करने का साहस खेल के मैदान से ही मिलता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि स्कूल हमेशा विद्यार्थियों को खेलों के क्षेत्र में उच्च स्तर की सुविधाएं और बेहतर वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
.स्कूल की डायरेक्टर श्रीमती मोनिका मैनी ने खिलाड़ियों और कोच विजेता को बधाई देते हुए कहा कि आज के दौर में पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में सक्रिय रहना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद आवश्यक है। खेल बच्चों के आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश ओलिविया स्कूल के होनहार खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प के साथ हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। यह ऐतिहासिक जीत स्कूल के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास तथा शिक्षकों और कोचों का उचित मार्गदर्शन ही सफलता की वास्तविक कुंजी है।
.स्कूल की प्रिंसीपल डॉ. सुमन बाला ने विजेता टीम, कोच विजेता और समस्त स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी शानदार उपलब्धियां स्कूल के मान-सम्मान में वृद्धि करती हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां न केवल स्कूल, बल्कि पूरे शहर का नाम देशभर में रोशन करेंगी।इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन, समस्त शिक्षकों और अभिभावकों में खुशी एवं उत्साह का माहौल रहा।
. .


























