PTB News मनोरंजन : भारतीय सिनेमाघरों में बेहद सीमित स्क्रीन्स और शांत माहौल में रिलीज हुई आध्यात्मिक फिल्म “हनुमान अंश” ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा चमत्कार कर दिखाया है जिसकी मिसाल भारतीय सिनेमा में दशकों बाद देखने को मिली है। महज 2 करोड़ रुपये के मामूली बजट में तैयार हुई यह फिल्म अब तक 150 करोड़ रुपये से अधिक का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है। नीम करौली बाबा के जीवन और उनके भक्तों के चमत्कारी अनुभवों पर आधारित इस फिल्म ने
. .बड़े-बड़े बजट वाली फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। शुरुआती दिनों में गिनती की स्क्रीन्स पर लगी यह मूवी अब ‘माउथ पब्लिसिटी’ के दम पर देश भर के 1,300 से ज्यादा थिएटर्स में सफलतापूर्वक चल रही है। फिल्म रिलीज को 32 दिन बीत चुके हैं और 5वें हफ्ते के बाद भी सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। जाने-माने फिल्म समीक्षक तरण आदर्श के अनुसार, शुरुआत में मेकर्स ने दर्शकों को खींचने के लिए ‘बाय वन गेट वन फ्री’ का ऑफर दिया था,
.क्योंकि फिल्म का कोई बड़ा प्रमोशन नहीं हुआ था। लेकिन अब फिल्म पूरी तरह से अपने कंटेंट और आस्था के बल पर दौड़ रही है। तरण आदर्श ने बताया कि उन्होंने दर्शकों को नंगे पांव सिनेमाघरों में जाते देखा है, जो 1975 की ब्लॉकबस्टर ‘जय संतोषी मां’ के दौर की याद दिलाता है जब लोग थियेटर के बाहर चप्पलें उतारकर आरती की थाली लेकर जाते थे। अब जनता ही इस फिल्म की सबसे बड़ी ब्रांड एंबेसडर बन चुकी है।
.यह भी पढ़ें : CM थलपति विजय को PM चेहरा बनाने की उठी मांग के बाद मचा सियासी घमासान
.ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि ‘हनुमान अंश’ की कमाई की रफ्तार अभी थमने वाली नहीं है। ट्रेड एक्सपर्ट अतुल मोहन का कहना है कि संभव है कि फिल्म अपने 8वें हफ्ते में 5वें हफ्ते से भी ज्यादा कमाई कर ले। उन्होंने अनुमान जताया है कि फिल्म का लाइफटाइम कलेक्शन 200 करोड़, 300 करोड़ और यहां तक कि 400 करोड़ रुपये के जादुई आंकड़े को भी छू सकता है। कई स्कूल और सामाजिक संस्थाएं भी बच्चों को यह प्रेरक फिल्म दिखाने के लिए स्पेशल शोज बुक कर रही हैं।
. .ट्रेड विशेषज्ञ राज बंसल और गिरीश जौहर का कहना है कि जब मजबूत आस्था और बेहतरीन कहानी मिलती है, तो बॉक्स ऑफिस के तमाम पारंपरिक गणित ध्वस्त हो जाते हैं। समीक्षकों के मुताबिक, यह फिल्म अब सामान्य ट्रेंड से बाहर निकलकर फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी केस स्टडी बन चुकी है। जिस तरह से रिलीज के एक महीने बाद भी दर्शकों का उत्साह चरम पर है, उसे देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि ‘हनुमान अंश’ भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली फिल्मों की फेहरिस्त में शीर्ष पर दर्ज होने जा रही है।






























