PTB Big न्यूज़ जालंधर : जालंधर में एक बार फिर से गोलियां चलने से उस समय हड़कंप मच गया। जब आर्यन होम्योपैथिक क्लिनिक पर अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं मिली जानकारी के अनुसार रविवार देर रात गोली चलने की घटना हुई है।
. .पास की दुकान चलाने वाली महिला ने बताया कि सुबह जब वह दुकान पर पहुंचीं तो वहां पुलिस मौजूद थी और एक होम्योपैथिक दवाई की दुकान बंद करवा दी गई थी। उन्होंने कहा कि उन्हें गोली चलने की जानकारी नहीं है। हालांकि, आसपास चर्चा है कि गोली चली है। साथ की दुकान चलाने वाले हरविंदर सिंह ने बताया कि गोली चलने की बात सामने आ रही है। यह स्पष्ट नहीं है कि गोली कब चली। उन्होंने कहा कि रविवार होने के कारण सभी दुकानें बंद थीं और
. .सुबह जब वे पहुंचे तो घटना का पता चला। दुकान का शटर खुला था और अंदर शीशा टूटा हुआ मिला। वहीं, बगल की दुकान सचदेवा प्रॉपर्टी एडवाइजर के यहां काम करने वाले व्यक्ति ने बताया- यह हमारे बिल्कुल पड़ोस में आर्यन नाम का होम्योपैथिक क्लिनिक है, जहां डॉक्टर और उनके बेटे बैठते हैं। शनिवार रात को करीब साढ़े 8 बजे वे दुकान बंद करके गए थे और रविवार को दुकान पूरी तरह बंद थी। व्यक्ति ने बताया कि आज सुबह करीब साढ़े 8 बजे जब वे आकर दुकान खोलने लगे,
. .तब देखा कि बाहर कांच बिखरा हुआ है और शटर पर गोली का निशान है। अंदर का शीशा भी टूटा हुआ दिख रहा है। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। उसने बताया- इससे पहले कभी उन्हें कोई धमकी मिली हो या ऐसा कोई विवाद हुआ हो, हमारे संज्ञान में ऐसी कोई बात कभी नहीं आई। सुबह जैसे ही पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दी गई, वे तुरंत मौके पर पहुंच गए हैं और आसपास के कैमरों की जांच कर रहे हैं। फिलहाल थाना डिवीजन नंबर 8 के एसएचओ साहिल चौधरी ने बताया कि एसीपी द्वारा सूचना दी गई थी कि गोली चलने की घटना हुई है, जिसकी जांच की जा रही है।
. .






































