बाथरूम में मिली संदिग्ध व्यक्ति की बॉडी, धमाके के बाद मुख्यमंत्री चन्नी ने दिया बड़ा बयान, कुछ देर में पहुंचेंगे लुधियाना,
PTB Big न्यूज़ लुधियाना : पंजाब के जिला लुधियाना में आज यानि गुरुवार की सुबह अदालत परिसर में हुए जोरदार धमाके के बाद एक दीवार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई / सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पता चला है कि 2 लोगों की मौत भी हो गई है और 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं / बताया जा रहा है कि यह धमाका पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के लुधियाना पहुंचने से कुछ देर पहले ही हुआ है /
बताया जा रहा है कि यह धमाका अदालत की तीसरी मंजिल पर स्थित बाथरूम में हुआ / सूत्रों के अनुसार एक बॉडी अभी भी बाथरूम में ही मौजूद है / आशंका जताई जा रही है कि यह बॉडी मानव बम की है, हालांकि, अभी इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है / वहीं जांच के लिए चंडीगढ़ से फॉरेंसिक टीम लुधियाना के लिए रवाना हो चुकी हैं /

बताया जा रहा है कि धमाका इतना जोरदार था कि कोर्ट की पूरी इमारत हिल गई / इमारत की खिड़कियों के शीशे चटक गए हैं और पार्किंग में खड़ी कारें भी क्षतिग्रस्त हुईं हैं / मौके पर मौजूद लोग सिलेंडर फटने की आशंका जता रहे हैं / पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने अभी धमाके के बारे में कोई बयान नहीं दे रहे हैं उनका कहना है कि जाँच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है / फ़िलहाल अभी भी अदालत में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है /
वहीं सभी जिला पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गए हैं / पुलिस बल ने कोर्ट परिसर को चारों तरफ से घेर रखा है / शहर भर में ही नहीं पुरे पंजाब में हाईअलर्ट जारी कर दिया गया है /

वहीं इस घटना का पता चलते ही पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही देश और पंजाब विरोधी ताकतें माहौल खराब करने में लगी हुई हैं / इससे पहले बेअदबी के जरिए पंजाब में गड़बड़ी की कोशिश की गई, उसमें कामयाब नहीं हुए तो अब इस तरह की हरकत शरारती तत्व कर रहे हैं / ऐसे दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा /



































