PTB News धार्मिक : आज यानि मंगलवार की सुबह मुस्लिम भाईचारे ने बड़ी श्रद्धा के साथ ईद मनाई। पंजाब भर में सभी धर्मों के लोगों ने मुस्लिम भाईचारे को इस ख़ुशी के अवसर पर मुबारकबाद दी / इस अवसर पर बड़ी संख्या में मुस्लिम भाईचारे के अलावा धार्मिक, राजनीतक व समाजसेवी संगठनों के पदाधिकारियों व सदस्यों ने ईदगाह में शिरकत की, और मुस्लिम भाईचारे को गले लगकर ईद की शुभकामना दी।
वहीं, लुधियाना के फील्डगंज चौक स्थित ऐतिहासिक जामा मस्जिद सहित शहर की सभी मस्जिदों में बड़ी संख्या में मुस्लमानों ने ईद-उल-फितर की नमाज अदा की। शाही इमाम पंजाब मौलाना मुहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी की अगुवाई में नमाज अदा करने से पहले जामा मस्जिद में भाईचारक परंपरा के अनुसार सभी धर्मो से संबंध रखने वाले सामाजिक और राजनीतिक लोगों ने अपने मुस्लमान भाइयों को ईद की मुबारकबाद दी।
इस अवसर पर बीती 10 सितंबर को दुनिया से रुखसत हुए मरहूम पूर्व शाही इमाम पंजाब मौलाना हबीब उर रहमान सानी लुधियानवी को याद करते हुए उनके लिए विशेष दुआ करवाई गई। ईद के दिन लोग नए कपड़े पहनकर नमाज अदा करते हुए अमन और चैन की दुआ मांगते हैं। सऊदी अरब में भी रविवार को चांद नहीं दिखाई दिया, जिसके चलते वहां भी ईद 3 मई को मनाई गई।
वैसे ऐसा कम ही देखा गया है क्योंकि अक्सर सऊदी अरब में पहले चांद दिख जाता है और भारत में उसके बाद। मुस्लिम वेलफेयर सोसाइटी के प्रधान हाजी दिलावर हुसैन ने बताया कि ईद का माह लोगों को खुदा के नजदीक ले जाने का मौका देता है। सभी रोजेदार अल्लाह तबारक व ताला के बारगाह में हाथ उठाकर मुल्क की अमन चैन के लिए दुआएं मांगते हैं।





































