पीटीबी न्यूज़ जालंधर : चंडीगढ़ से बड़े स्तर पर शराब की तस्करी करने के मामले में पकड़े गए बशीरपुरा के रहने वाले जतिंदर उर्फ सोनू टैंकर के साथी विक्रम सिंह वासी मोहल्ला गोबिंदगढ़ को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने टैंकर, त्रिलोक और विक्रम को कोर्ट में पेश करके 2 दिन के रिमांड पर लिया है। विक्रम 2017 में विधानसभा चुनाव लड़ चुका है।
टैंकर कभी कांग्रेसी नेताओं के करीबी था, मगर सत्ता बदली तो आप के बड़े नेताओं के टच में आ गया। त्रिलोक सिंह भी सत्ताधारी पार्टी के संपर्क में था। वह वार्ड प्रधान था और नगर निगम चुनाव लड़ने की योजना बना रहा है। टैंकर और त्रिलोक सत्ताधारी पार्टी के हर प्रोग्राम में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।
थाना-6 के एसएचओ हरिंदर सिंह ने कहा कि सोनू टैंकर की पूछताछ में विक्रम का नाम सामने आया था। इसके बाद उसे भी केस में अरेस्ट कर लिया गया। सोनू टैंकर ने कबूला है कि उसके तार विक्रम के जरिये ही चंडीगढ़ के शराब माफिया से जुड़े थे। इसलिए पुलिस केस में पकड़े गए तीनों आरोपियों की कॉल डिटेल की जांच कर रही है। एसएचओ ने कहा कि पुलिस क्रिमिनल रिकॉर्ड भी निकलवा रही है।
बता दें कि इतवार की आधी रात को श्री गुरु रविदास चौक की ओर से मॉडल टाउन में आ रही स्विफ्ट कार से सोनू टैंकर तो दूसरी कार में उसके साथी त्रिलोक को पकड़ लिया। सोनू से 22 पेटी चंडीगढ़ की शराब तो त्रिलोक से 15 पेटी शराब बरामद की गई थी।
टैंकर से पूछताछ के बाद पुलिस ने लद्देवाली स्थित प्रताप पैलेस से चंडीगढ़ से तस्करी कर लाई गई 306 पेटी बरामद की है।थाना-6 में बशीरपुरा के रहने वाले सोनू टैंकर और रामामंडी के दतार नगर के रहने वाले त्रिलोक सिंह के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 61, 78 (2) और आईपीसी की धारा 420 के तहत केस दर्ज किया है।








































