PTB Big न्यूज़ चंडीगढ़ : अमृतसर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राजीव देवगन और मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. केडी सिंह ने अपने पदों से त्यागपत्र दे दिया है। दोनों ने डायरेक्टर मेडिकल एजुकेशन को पत्र भेज दिया है। दो बड़े अधिकारियों के इस्तीफे के बाद मेडिकल कॉलेज और गुरु नानक देव अस्पताल में हड़कंप मच गया है।
प्रिंसिपल डॉ. राजीव देवगन गुरु नानक देव अस्पताल में कैंसर यूनिट के प्रभारी हैं, वहीं डॉ. केडी सिंह कॉलेज और अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट होने के साथ-साथ स्वाइन फ्लू लैब के प्रभारी रहे हैं। इस समय वह मंकी पॉक्स के लिए बनाए गए वार्ड के प्रभारी हैं। राजीव देवगन ने बताया कि वह पूरी ईमानदारी से काम करने में विश्वास रखते हैं और आज तक कुशलता से प्रबंधन चलाया है। त्यागपत्र देने के मामले में उन्होंने कोई भी स्पष्ट बात नहीं कही सिर्फ यही कहा कि वे कुछ और जिंदगी में करना चाहते हैं।
इससे पहले पंजाब के सेहत मंत्री चेतन सिंह जोड़ामाजरा के अभद्र व्यवहार से निराश बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. राज बहादुर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री भगवंत मान को भेजने की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन मे पहली बार ऐसे व्यवहार का सामना किया है।



































