PTB Big न्यूज़ लुधियाना : लुधियाना में बीते दिनों कोर्ट कांप्लेक्स में हुए बम धमाके के तार सीमा पार पाकिस्तान से जुड़ने लगे हैं / प्रदेश के गृह मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा और एडीजीपी इन्वेस्टिगेशन एएस राय भी इसकी आशंका जता चुके हैं / इंटेलिजेंस एजेंसियां भी इसे टिफिन बम से जोड़कर देख रही हैं / एजेंसियों को भी शक है कि कोर्ट कांप्लेक्स में जो धमाका हुआ है, उसमें टिफिन बम का इस्तेमाल हुआ हो सकता है /
इंटेलिजेंस एजेंसियों को बीते अगस्त में सूचना मिली थी कि पाकिस्तान से लगभग 15 टिफिन बम पंजाब में पहुंचाए जा चुके हैं / सुरक्षा एजेंसियों ने 10 बम बरामद कर लिए थे / सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि जो टिफिन बम मिसिंग हैं, उनमें से ही एक का कोर्ट कांप्लेक्स में इस्तेमाल किया गया है /
इंटेलिजेंस एजेंसियों के सूत्रों के मुताबिक कहा जा रहा है कि जो पांच बम मिसिंग थे, उनमें से दो का इस्तेमाल आठ अगस्त को अजनाला और 15 सितंबर को जलालाबाद में हो चुका है / दो टिफिन बम अब भी सुरक्षा एजेसियों की पहुंच से दूर हैं / लुधियाना में ब्लास्ट होने के बाद इंटेलिजेंस एजेंसियों ने अब उन दो बमों को ढूंढने की दिशा में भी काम शुरू कर दिया है /
जांच एजेंसियों के सूत्रों की मानें तो जिस तरह से बाथरूम की नौ इंच मोटी दीवारें व छत तक टूटी है उससे आशंका है कि धमाके में कम से कम एक किलो आरडीएक्स का प्रयोग किया गया है / एजेंसियां टिफिन बम के एंगल को इसलिए भी जोड़ रही हैं क्योंकि एक किलो आरडीएक्स को टिफिन के जरिए प्लांट किया जा सकता है / जांच एजेंसियां अब ब्लास्ट के बाद बिखरे मलबे में टिफिन के टुकड़ों की तलाश कर रही हैं /
पुलिस व जांच एजेंसियों को शक है कि जिसकी मौत हुई है वही बम प्लांट कर रहा था, इसलिए देर रात तक शव को नहीं हटाया गया / बाद में जांच के बाद शव सिविल अस्पताल भेजा गया / इस घटना के बाद पंजाब में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है / वहीं लुधियाना में धारा 144 लगा दी गई है / थाना डिवीजन नंबर पांच में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 302 (हत्या), 307 (हत्या का प्रयास), 124 ए (सरकार के प्रति असंतोष भड़काना) 120बी (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है /



































