PTB Big न्यूज़ अमृतसर : पंजाब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी एक बार फिर की गई है / ताजा मामला अमृतसर में अजनाला के गांव भंगुपुर स्थित गुरुद्वारा में सामने आया है / गुरु घर में शाम के समय पवित्र ग्रंथों से छेड़छाड़ करने वाले एक युवक को सेवादारों ने मौके पर ही पकड़ लिया / इसके बाद उसे गुरु घर के एक कमरे में बंद कर दिया और सेवादारों ने उससे अपने स्तर पर पूछताछ की /
पुलिस को जब इस घटनाक्रम का पता चला तो वह भी मौके पर पहुंच गई / पुलिस ने गुरुद्वारा के प्रबंधकों से युवक को पुलिस के हवाले करने के लिए कहा, लेकिन सिख संगतों ने इसका फैसला खुद करने के लिए कहा / इसके बाद पुलिस ने लगातार प्रबंधकों से बातचीत की और किसी भी तरह से कानून को अपने हाथ में न लेने के लिए कहा /
आखिरकार पुलिस की कोशिश कामयाब हो गई और पुलिस ने युवक को अपनी हिरासत में ले लिया / इससे पहले पुलिस को गुरु घर के कमरे में ही पूछताछ के लिए प्रबंधकों ने कहा था, जिसे मानते हुए पुलिस ने गुरु घर में ही युवक से पूछताछ की, लेकिन पुलिस ने संगतों के रोष को देखते हुए और पिछली बेअदबी की घटनाओं की तरह फैसला आन द स्पॉट होने से बचाने के लिए युवक को अपने साथ ले जाने का दबाव बनाया /
वहीं इस संबंध में SSP (देहात) सतीश कौशल ने भी इस बात की पुष्टि की है कि भंगुपुर हवेलियां गुरुद्वारा में बेअदबी के आरोप में पकड़े गए युवक को पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है / पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है / बेअदबी की घटना है या नहीं, इसे लेकर सारे फैक्ट देखे जा रहे हैं। युवक से पूछताछ के साथ-साथ CCTV फुटेज भी खंगाली जा रही है /



































