PTB City न्यूज़ जालंधर : श्री गुरु रविदास जी की जयंती को लेकर पंजाब के चुनाव की तिथि को 20 फरवरी तक बढ़ाए जाने पर विधानसभा हल्का जालंधर वेस्ट के विधायक व उम्मीदवार सुशील कुमार रिंकू ने राष्ट्रीय चुनाव आयोग का आभार जताया और संगतों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए श्री गुरु रविदास समाज के अनुयाइयों का चुनाव आयोग ने सम्मान रखा, जोकि सराहनीय है।
उन्होंने फेसबुक पर लाइव होकर चुनाव आयोग से तिथि को आगे बढ़ाने की अपील की थी। सुशील रिंकू का कहना था कि पंजाब में 14 फरवरी को चुनाव घोषित हुए थे, जबकि 16 फरवरी को श्री गुरु रविदास जी की जयंती है। जयंती से पहले श्री गुरु रविदास समाज की बहुत सारी संगत बनारस धाम के दर्शन को जाती है। ऐसे में वह 14 फरवरी को चुनाव में अपनी वोट देने से चूक जाते।
सुशील रिंकू ने कहा कि इस अहम चुनाव में हर कोई अपनी वोट का इस्तेमाल करना चाहता है। इसलिए उन्होंने राष्ट्रीय चुनाव आयोग से अपील की थी कि चुनाव की तिथि को आगे बढ़ाया जाए। ताकि धार्मिक भावनाओं को भी आहत होने से बचाया जा सके और वोटरों को वोट देने से भी वंचित न होने दिया जा सके। राष्ट्रीय चुनाव आयोग के इस एतिहासिक फैसले से समाज के लोगों में अत्यंत खुशी है। उन्होंने कहा कि अब सभी लोग अपनी मत का सही और जरूर इस्तेमाल कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि दोआबा ही नहीं बल्कि पूरे देश में श्री गुरु रविदास जी की जंयती को बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जाता है। जयंती को लेकर कई दिनों तक धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। दोआबा के जालंधर में खास तौर पर इस दिन को लेकर तीन दिन का बड़ा मेला लगाया जाता है।
जहां हजारों श्रद्धालु अपने परिवारों के साथ पहुंचते हैं। बहुत सारी संगत बनारस में श्री गुरु रविदास जी के धाम के दर्शन को जाती है। वहां भी संगत को 3 से 4 दिन का समय लगता है। ऐसे में धार्मिक यात्र पर जाने वाली संगत को अपनी वोट देने में दिक्कत हो सकती थी। लेकिन इस गंभीर मुद्दे को देखते हुए और लोगों को आस्था को ध्यान में रखते हुए लिया गया यह एतिहासिक फैसला सम्मानीय है।



































