PTB Big News अमृतसर : पंजाब के अमृतसर जिले में दबुर्जी स्थित केमिस्ट शॉप पर 2 व्यक्तियों द्वारा गन पॉइंट पर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया, लेकिन उनकी यह हरकत सीसीटीवी में कैद हो गई। दुकान पर आए दोनों लुटेरों में से एक ने निहंग बाणा सजा रखा था। फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। दबुर्जी शुभम ऐनक्लेव के बाहर स्थित केमिस्ट शॉप के मालिक साहिल गुप्ता ने बताया कि घटना रात 10.15 बजे के करीब की है। वह और उनके पिता दुकान पर थे। एक व्यक्ति को दवा देते हुए 10 बजे से अधिक का समय हो गया था। इसी दौरान दो नकाबपोश दुकान में आए। एक ने निहंग बाणा पहना हुआ था।
निहंग बाणा पहने व्यक्ति ने अपने कपड़ों में से पिस्टल निकाली और गालियां देना शुरू कर दिया। यह देख पिता और वह एक तरफ हो गए। आरोपियों ने उनकी जेब की तलाशी ली और पैसे निकाल लिए। वहीं दूसरे आरोपी ने गल्ला खोला और उसमें रखे पैसे भी निकाल लिए। सीसीटीवी में पहले निहंग बाणा पहने हुआ व्यक्ति दुकान के अदंर दाखिल होता है। जब दूसरा व्यक्ति अंदर आता है तो निहंग बाणा पहने व्यक्ति अपने कपड़ों की जेब से पिस्टल निकाल लेता है।
आरोपियों ने जिस पिस्टल को तानकर लूट को अंजाम दिया, वह देसी कट्टा था। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह गन आरोपी यूपी या आसपास के एरिया से लेकर आए हैं। एएसआई ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त होने के बाद टीम मौके पर गई थी। सीसीटीवी में दो लुटेरे दिखाए दे रहे हैं। दोनों के मुंह ढके हुए थे। सीसीटीवी को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों तक पहुंचा जाएगा।





































