PTB Political News शिमला / हिमाचल प्रदेश : अपनी सरकार के आठ साल का कार्यकाल पूरा होने का जश्न मनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला पहुंचे। मोदी ने केंद्र सरकार के आठ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में शिमला में आयोजित किए गए राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम ‘गरीब कल्याण सम्मेलन’ में ऐतिहासिक रिज मैदान से देशवासियों को संबोधित किया। पीएम को सुनने के लिए प्रदेश भर से बड़ी संख्या में लोग ऐतिहासिक रिज मैदान पहुंचे।
केंद्र के आठ मंत्रालयों की 16 योजनाओं के तहत देश के हर जिले से चयनित लाभार्थियों से भी पीएम मोदी वर्चुअल संवाद किया। साथ ही किसान सम्मान निधि की 21,000 करोड़ रुपये की 11वीं किस्त भी जारी की। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिमला के एतिहासिक रिज मैदान पहुंचने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पीएम मोदी को फूलों का गुलदस्ता भेंट किया। इससे पहले पीएम मोदी का हेलिकॉप्टर अनाडेल मैदान में उतरा। यहां से पीएम का काफिला विधानसभा गेट से होते हुए माल रोड तक पहुंचा। सीटीओ चौक से नरेंद्र मोदी का रोड शो शुरू हुआ। सुरक्षा कर्मी वाहन के साथ चलते रहे।
सड़क के दोनों तरफ बैरिकेड के दूसरी ओर खड़ी भीड़ पीएम के वाहन पर फूलों की बारिश करती रही। सुबह करीब 11:08 बजे पीएम नरेंद्र मोदी का वाहन स्कैंडल प्वाइंट से गुजरा। फूलों की बारिश करते हुए स्वागत है जी स्वागत है के नारे पीएम के सम्मान में लगाए गए। रोड शो के दौरान पीएम मोदी मालरोड पर कुछ दूरी तक पैदल चले और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शिमला दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की गई है।
सभा स्थल रिज मैदान पर 5,000 हजार पुलिस कर्मी तैनात रहे। रिज मैदान को चार भागों में बांटा गया । यहां तैनात पुलिस टुकड़ियों का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और डीएसपी कर रहे । पुलिस मुख्यालय और एसपी कार्यालय से भी स्टाफ फील्ड में उतारा गया। रिज मैदान की ओर जाने वाले छोटे रास्ते बंद कर दिए गए ।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि पर्वत माला परियोजना से हिमाचल जैसे पहाड़ी प्रदेश में कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी। कहा कि वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम का लाभ भी हिमाचल को निश्चित रूप से मिलेगा। प्रदेश के दूरदराज व पहाड़ी क्षेत्रों में ड्रोन का फायदा होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हिमाचल सरकार ने जल जीवन मिशन को लेकर बहुत ही शानदार काम किया है। इसके लिए जयराम सरकार बधाई की पात्र है।
पीएम मोदी ने कहा कि शिमला की धरती से एक बार फिर करोड़ों देशवासियों को बधाई देता हूं। आगे भी जी-जान से काम करते रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंच से भारत माता की जय के नारों के साथ संबोधन संपन्न किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हिमाचल सरकार ने जल जीवन मिशन को लेकर बहुत ही शानदार काम किया है। इसके लिए जयराम सरकार बधाई की पात्र है। मोदी ने कहा कि भारत आंख झुकाकर नहीं, आंख मिलाकर बात करेगा। आज भारत मजबूरी में नहीं बल्कि मदद के लिए हाथ बढ़ाता है।
देश के विकास में हिमाचल के फार्मा हब बद्दी की भी बड़ी भूमिका रही है। कोविड काल में दुनिया के कई देशों को बद्दी में बनी दवाइयां भेजी गईं। चंबा का मेटल वर्क, कांगड़ा की पेटिंग के लोग आज भी दीवाने हो जाते हैं। सरकार का यही मकसद है कि हिमाचल के उत्पादों की दुनियाभर में डिमांड हो। काशी विश्वनाथ मंदिर के पुजारी और सुरक्षा कर्मी कुल्लू में महिलाओं के स्वंय सहायता समूहों द्वारा बनाई गई पूहलें (जुराबें) पहन रहे हैं।








































