PTB Big न्यूज़ लुधियाना : पंजाब के जिला लुधियाना में बस स्टैंड नजदीक एक स्पा सेंटर पर कुछ युवकों ने हंगामा कर दिया। बताया जा रहा है कि युवकों ने शराब पी रखी थी, जिसके बाद वह स्पा सेंटर पर पहुंचे। स्पा सेंटर पहुंचे युवकों ने मैनेजर से सर्विस के बारे में बातचीत की। इतने में युवकों ने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और उससे फ्री में सर्विस की डिमांड करने लगे।
आपको बता दें कि कुछ लोग यह भी चर्चा कर रहे थे कि जो युवक स्पा सेंटर पर हंगामा करने आए थे वह खुद को पत्रकार बता रहे थे, लेकिन असल में वह लोग ब्लैकमेलर है जो पत्रकारों की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे थे। हंगामा का पता चलते ही चौकी बस स्टैंड की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्पा सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की।
इसके बाद हंगामा करने वाले युवकों का मेडिकल करवाया गया। स्पा सेंटर के मालिक सोनू ने बताया कि तीन युवक ड्रिंक करके आए थे और फ्री में सर्विस मांग रहे थे। इस कारण पुलिस को सूचित किया गया है। मौके पर पहुंच पुलिस ने 2 युवकों को दबोच लिया, जबकि एक युवक फरार हो गया। पुलिस कमिश्नर कौस्तुभ शर्मा ने कहा कि मामले की जांच करवा रहे हैं।
अगर कोई पत्रकारों के नाम पर ब्लैकमेलिंग करता है तो उसके खिलाफ जरूर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं चौकी बस स्टैंड की इंचार्ज अवनीत कौर ने कहा उन्हें स्पा सेंटर के मालिक ने शिकायत दी है कि तीन युवक रोजाना उनके स्पा सेंटर पर आते हैं। आरोपी उनसे फ्री सर्विस मांगते है। वहीं वीडियो बनाने की धमकी भी दे रहे हैं। हंगामे की सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है। बाकी मामले की जांच के बाद तुरंत कार्रवाई कर दी जाएगी।








































