पीटीबी न्यूज़ अमृतसर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने विमान में आज अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंची। इसके बाद वह सीधे गोल्डन टेंपल पहुंच चुकी हैं। गुरुघर में नतमस्तक होने के बाद वह जलियांवाला बाग में शहीदों को नमन करने पहुंचेंगी। अमृतसर में वह दुर्ग्याणा मंदिर और फिर श्री रामतीर्थ में भी नतमस्तक होंगी। राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद द्रौपदी मुर्मू की यह पहली पंजाब फेरी है।
श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से निकलने के बाद राष्ट्रपति का काफिला गोल्डन टेंपल पहुंचा। यहां सांसद गुरजीत औजला उनके साथ-साथ चलते दिखे। परिक्रमा के दौरान गोल्डन टेंपल के इतिहास के बारे में विस्तृत जानकारी SGPC सदस्यों ने उन्हें दी। इसके बाद वह सीधा जलियांवाला बाग पहुंचेंगी। जहां वह शहीदों को नमन करेंगी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अमृतसर शहर को 5 सेक्टरों में बांटा गया है। अमृतसर में अपने 4 घंटे के दौरे के दौरान राष्ट्रपति गोल्डन टेंपल, जलियांवाला बाग, दुर्ग्याणा मंदिर और श्री रामतीर्थ के दर्शन करेंगी। जिसके चलते 1 से 4 बजे तक पूरे शहर की ट्रैफिक पर असर रहने वाला है।

12 बजे द्रौपदी मुर्मू अमृतसर एयरपोर्ट पर पहुंच रही हैं। जिसके चलते 12 से 1 बजे तक अमृतसर एयरपोर्ट रोड को पूरी तरह से बंद रखा जाएगा। वहीं, 12 से 2 बजे के बीच अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दो इंटरनेशनल फ्लाइट्स रवाना होंगी। जिसके चलते एयर इंडिया ने पैसेंजर्स के लिए हिदायतें भी जारी कर दी हैं। एयर इंडिया की लंदन के लिए फ्लाइट 1:30 बजे और बर्मिंघम के लिए फ्लाइट 1:55 बजे रवाना होगी। इसके चलते दोनों फ्लाइट्स के पैसेंजर्स को दोपहर 12 बजे से पहले अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचने की हिदायत दी है।
12 बजे के करीब राष्ट्रपति के अमृतसर पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में 12 से 1 बजे तक अमृतसर से हालगेट और श्री दरबार साहिब तक का पूरा रूट बंद रखा जाएगा। इसके बाद 3 से 4 बजे तक वापसी पर भी यह रूट बंद रहने वाला है, इसलिए अजनाला से शहर की तरफ आने वाली ट्रैफिक को राजासांसी से, जीटी रोड जालंधर से आने वाली ट्रैफिक को गोल्डन गेट से वल्ला-वेरका बाइपास की तरफ, जिला तरनतारन से आने वाली ट्रैफिक को पुल कोट मित सिंह से तारावाले पुल की तरफ, गेट हकीमा-झबाल रोड की साइड से आने वाली ट्रैफिक को चौक खजाना-लोहगढ़ से, घी मंडी चौक की ट्रैफिक को सुल्तानविंड चौक से समय पर डायवर्ट किया जाएगा। हैवी व्हीकल के शहर में आने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ अमृतसर पुलिस परमिंदर सिंह भंडाल ने कहा कि राष्ट्रपति के आने पर प्रशासन का सहयोग दें। समस्या को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्ट होगी। राजासांसी स्टॉपेज, मीरांकोट चौक, गुमटाला बाइपास, मोड़ रणजीत एवेन्यू, दोआबा चौक, अशोक चौक, भंडारी पुल हलगेट, खजाना-लोहगढ़ गेट, सुल्तानविंड रोड, रेलवे स्टेशनल, माहल बाइपास, पुल कोट मीत सिंह चौक, रेलव और गोल्डन गेट से ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा।








































