PTB Big न्यूज़ साहिबगंज : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आज यानि मंगलवार सुबह झारखंड के साहिबगंज में एक बड़ी कार्रवाई की। शहर के बंगाली टोला में एक कबाड़ कारोबारी संतोष कुमार गुप्ता उर्फ बबलू के घर पर ED की टीम ने छापा मारा। सूत्रों के मुताबिक, यह छापेमारी राज्य में हुए 750 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले की जांच के सिलसिले में की गई है।
. .जानकारी के अनुसार, सफेद इनोवा गाड़ी से ED की चार सदस्यीय टीम सुबह करीब 7:10 बजे संतोष गुप्ता के घर पहुंची। टीम के पहुंचते ही घर के बाहर सुरक्षा के लिए CRPF के जवानों को तैनात कर दिया गया और घर के अंदर जांच शुरू की गई। करीब आठ घंटे तक चली इस छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने घर के सदस्यों से पूछताछ की और दस्तावेजों को खंगाला।
.ED की छापेमारी की खबर फैलते ही संतोष गुप्ता के घर के बाहर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। जांच के दौरान ED के अधिकारी एक बार घर के एक लड़के को लेकर कहीं बाहर गए और कुछ देर बाद वापस लौट आए। एक अधिकारी ने अपनी गाड़ी से लैपटॉप भी मंगवाया। आठ घंटे की लंबी जांच के बाद टीम शाम को वहां से रवाना हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि
. .संतोष कुमार गुप्ता उर्फ बबलू अपने भाई के साथ इसी मकान में रहता है और कबाड़ खरीदने-बेचने का काम करता है। उसके घर के बाहर कबाड़ के सामान की बोरियां रखी हुई थीं। हालांकि, ED के अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर इस छापेमारी के कारणों को लेकर कोई भी जानकारी मीडिया से साझा नहीं की है, लेकिन इसे बड़े जीएसटी घोटाले से जोड़कर देखा जा रहा है।
.








































