PTB Big Accident News तरनतारन : पंजाब के तरनतारन कस्बे में हरिके के पास एक स्विफ्ट कार ने डिवाइडर पार करते हुए सामने से आ रही मारुति कार को टक्कर मार दी। घटना में दो महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि एक्सीडेंट को देखकर एक महिला बेहोश हो गई। स्विफ्ट कार डेरा बाबा नानक से फिरोजपुर की तरफ जा रही थी, जबकि मारुति कार में बैठे परिवार का पता लगाया जा रहा है।
हादसा पंजाब के तरनतारन में हरिके के करीब नेशनल हाईवे पर हुआ। सोमवार सुबह के समय एक स्विफ्ट कार फिरोजपुर की तरफ जा रही थी, तभी एक बाइक सवार ने स्विफ्ट कार को कट मारा। स्विफ्ट कार चालक ने बाइक सवार को बचाने के लिए हैंडल घुमा दिया, लेकिन अपना संतुलन खो बैठा। कार सीधा डिवाइडर से टकराई और उसे पार कर सामने से आ रही मारुति कार से टकरा गई। स्विफ्ट की स्पीड 100 किलोमीटर से अधिक थी, तभी एक्सीडेंट के बाद 200 मीटर तक पलटती गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना पट्टी की पुलिस SHO हरजीत सिंह मौके पर पहुंचे। कार के दरवाजे तोड़कर शवों को बाहर निकाला गया। एंबुलेंस की मदद से शवों को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतक मारुति कार में सवार थे, उनकी पहचान के लिए मारुति कार के नंबर की मदद ली जा रही है, ताकि ट्रेस करके मालिक तक पहुंचा जा सके।
घटनास्थल पर पुलिस ने पहुंचकर सभी लोगों को बाहर निकाला, लेकिन सभी मर चुके थे। दो महिलाओं के साथ चार लोगों की मौत हुई हे। प्राथमिक जांच में सामने आया कि कार चालक एक बाइक को बचाने की खातिर अपनी कार का संतुलन खो बैठा। कार सामने से आ रही मारुति-800 से टकरा गई।








































