PTB Big न्यूज़ चंडीगढ़ : फेसबुक पर विदेशी लड़की की फ्रेंड रिक्वेस्ट पाकर उसे स्वीकार करना मनीमाजरा के एक व्यक्ति को उस समय भारी पड़ गया / जब उसके साथ कुल 8,72,000 रुपए की ठगी हो गई / केस दर्ज होने के बाद चंडीगढ़ पुलिस के साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन सेल ने गहन जांच कर तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है / इन्होंने ही लड़की का फर्जी अकाउंट बना ठगी की थी /
साइबर सेल ने इंस्पेक्टर हरि ओम शर्मा के नेतृत्व में दिल्ली से यह गिरफ्तारी की है / पकड़े आरोपियों की पहचान रिपब्लिक ऑफ घाना के गीडियोन सेबस्टियन (42), क्लेमेंट अफुल (33) और रिपब्लिक ऑफ आईवरीएन के मॉइस केल (30) के रूप में हुई है / इनके कब्जे से पुलिस ने 23 मोबाइल फोन, 23 सिम कार्ड, 40 एटीएम कार्ड, 8 पास बुक, 4 चैक बुक्स, 5 वॉय-फॉय हॉटस्पॉट और एक डोंगल तथा 4 लैपटॉप बरामद किए हैं /
आरोपी लड़कियों के नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट खोलते थे और आगे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजते थे / कुछ इनके जाल में फंस जाते थे / आरोपी खुद को भारत से बाहर का निवासी बताते थे / विदेशों से महंगे गिफ्ट भेजने का झांसा देकर वह ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे / पीड़ित कुछ कॉल्स प्राप्त करते थे /
इनमें आरोपी खुद को कस्टम और एयरपोर्ट अथॉरिटी का कर्मी बता पार्सल / गिफ्ट की क्लीयरेंस के नाम पर पैसा मांगते थे / इससे पहले एक ऐसे ही केस में पीड़ित ने आरोपियों के साथ अपनी आपित्तजनक तस्वीरें शेयर की थी / उसमें ब्लैकमेल कर आरोपियों ने मोटी रकम वसूली थी / मौजूदा केस मनीमाजरा के यशवीर सिंह ने दर्ज करवाया था / उन्हें टीना फ्रांसिस नाम से किसी लड़की की फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी /

उन्होंने यह स्वीकार कर ली थी / इनकी आपस में चैट शुरू हुई / लड़की ने बताया कि वह यूनाइटेड किंगडम में रहती है / दोनों ने एक दूसरे का नंबर शेयर किया और मोबाइल चैट शुरू कर दी / लड़की ने शिकायतकर्ता को महंगे गिफ्ट भेजने का लालच दिया / इसके बाद शिकायतकर्ता को एक नंबर से कॉल आया / उन्हें बताया गया कि उनका पार्सल (गिफ्ट) यूके से आया है /
शिकायतकर्ता को इस पार्सल की क्लीयरैंस के लिए 33,500 रुपए जमा करवाने को कहा गया / रकम जमा करवाने के बाद उन्हें दो अंजान नंबरों से फिर कॉल आई / उन्हें 33,500 रुपए एक खाते में जमा करवाने को कहा गया / इसके साथ ही 1,36,500 रुपए अलग खाते में डालने को कहा गया / उन्हें दुबारा एलाना खाना नाम से किसी लड़की का कॉल आया / उसने खुद को RBS बैंक कर्मी बताया / उसने शिकायतकर्ता को पार्सल हासिल करने के लिए 1,75,000 रुपए जमा करवाने को कहा /
अगले दिन फिर लड़की ने 2,35,000 रुपए किसी बीमा पॉलिसी के लिए जमा करवाने को कहा / शिकायतकर्ता ने Paytm से 29,000 रुपए ICICI बैंक को किए / शिकायतकर्ता ने कुल 8,72,000 रुपए जमा करवाए मगर पार्सल नहीं मिला / उसे पता चला कि उसके साथ ठगी हुई है /
































