PTB News मनोरंजन : बहुचर्चित पनामा पेपर्स लीक मामला एक बार फिर चर्चाओं में आ गया है। इस पेपर लीक में अमिताभ बच्चन और ऐश्वर्या राय समेत कई भारतीय हस्तियों के नाम थे और इन सभी लोगों पर टैक्स में धोखाधड़ी के आरोप लगे थे। वहीं, इस मामले में सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन से पूछताछ की।
ईडी ने विदेशी मुद्रा नियमों के उल्लंघन के आरोप में 48 साल की ऐश्वर्या राय को तलब किया था। ऐश्वर्या राय सोमवार को दोपहर 2 बजे के आसपास ईडी ऑफिस पहुंची थीं। उन पर विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के उल्लंघन में विदेशों में धन जमा करने के आरोप हैं। ऐसे में ईडी के अधिकारियों ने ऐश्वर्या राय से लंबी पूछताछ की। दावा किया गया था कि अधिकारियों ने ऐश्वर्या से सवालों की एक लंबी लिस्ट बनाई थी।
वहीं, ऐश्वर्या राय से पूछे गए कुछ सवाल भी सामने आ गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, ईडी के अधिकारियों ने ऐश्वर्या राय से एमिक पार्टनर्स के बारे में जानने की कोशिश की और ये भी पूछा कि दस्तावेज में सामने आई कंपनी से उनका क्या संबंध है। सूत्रों के मुताबिक, ईडी ने ऐश्वर्या राय से पूछा कि एमिक पार्टनर्स 2005 में ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स में निगमित और पंजीकृत कंपनी थी।
इस कंपनी के साथ उनका क्या संबंध है? क्या वह उस कानूनी फर्म के बारे में जानती हैं जहां मोसैक फोन्सेका ने कंपनी को पंजीकृत किया था? इस कंपनी के निदेशकों में ऐश्वर्या, उनके पिता कृष्णाराज राय, मां वृंदा राय और भाई आदित्य राय शामिल हैं और इसके बारे में भी ऐश्वर्या से पूछा गया। इसके अलावा, ऐश्वर्या से ये भी जानने की कोशिश की गई कि जून 2005 में उनके स्टेटस को शेयरहोल्डर के रूप में क्यों बदला गया? वहीं, 2008 में कंपनी को निष्क्रिय करने की वजह से लेकर लेनदेन में RBI की अनुमति तक से जुड़े सवाल ऐश्वर्या से पूछे गए।



































