PTB Big न्यूज़ नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज के दिल्ली और अन्य ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की है। जानकारी के अनुसार, ED ने उनके 13 ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की है, जिसमें उनका निवास भी शामिल है। ED की यह कार्रवाई 5,590 करोड़ रुपये के कथित घोटाले से जुड़ी है,
. .जो दिल्ली सरकार की स्वास्थ्य परियोजनाओं में सामने आया है। इससे पहले जून 2024 में दिल्ली की एंटी करप्शन ब्रांच (एसीबी) ने सौरभ भारद्वाज और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया था। इसी मामले में ED ने जुलाई 2024 में मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया था। एजेंसी के अनुसार, 2018-19 में दिल्ली सरकार ने 24 अस्पताल परियोजनाओं को मंजूरी दी थी,
. .जिनमें से 11 ग्रीनफील्ड और 13 ब्राउनफील्ड प्रोजेक्ट थे। इन अस्पतालों को छह महीने में बनकर तैयार होना था, लेकिन अब तक इनमें से किसी का काम पूरी तरह नहीं हो पाया है। रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 800 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं, लेकिन केवल 50 फीसदी काम ही पूरा हुआ है। लोक नायक अस्पताल की लागत 488 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,135 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।

आरोप है कि कई अस्पतालों में बिना उचित प्रशासनिक मंजूरी के निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। ACB की जांच में यह भी सामने आया कि अस्पतालों, पॉलीक्लिनिक और आईसीयू सुविधाओं के निर्माण में गंभीर अनियमितताएं और देरी हुई है। 22 अगस्त 2024 को दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने इन अनियमितताओं की शिकायत की थी।
. .उन्होंने दिल्ली सरकार की स्वास्थ्य परियोजनाओं में बजट में हेरफेर, सार्वजनिक धन के दुरुपयोग और निजी ठेकेदारों के साथ मिलीभगत के आरोप लगाए थे। शिकायत में सौरभ भारद्वाज और सत्येंद्र जैन दोनों के नाम शामिल थे। ED की ताज़ा कार्रवाई के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और आम आदमी पार्टी के लिए यह एक और बड़ा संकट बनकर उभरा है, खासकर तब जब राजधानी में आगामी चुनावों की तैयारियाँ चल रही हैं।
















































