PTB Big News अमेरिका : अमेरिका के शिकागो में सोमवार को हुई गोलीबारी ने एक बार फिर से सभी को दहला कर रख दिया है। यहां हाईलैंड पार्क में स्वतंत्रता दिवस परेड के दौरान हुई गोलीबारी में छह लोगों की मौत हो गई तो 57 घायल हो गए।
अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि हमलावर की उम्र महज 18 से 20 साल के बीच है। लेकिन यह पहली बार नहीं है जब अमेरिका ऐसे सामूहिक हत्याकांड का गवाह बना है। बंदूकों का शौक और हथियार रखने की लचीली पॉलिसी अब अमेरिकी प्रशासन के लिए गले की फांस बन गई है।
अमेरिका में सामूहिक गोलीबारी और हत्याकांड के आंकड़े तैयार करने वाली संस्था ‘द गन वॉयलेंस आर्काइव’ के मुताबिक, 2022 में अब तक 309 सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। आंकड़ों के मुताबिक, चौंकाने वाली बात यह है कि इन सामूहिक हत्याकांडों में 0 से 11 साल के 179 बच्चों और 12 से 17 साल के 670 किशोरों की मौत हो चुकी है।








































