स्कूल, चिकित्सा व पशु संस्थानों का दर्जा बढ़ा, विकास खंड भी स्तरोन्नत, तहसीलें भी खुलीं,
PTB Big Political हिमाचल प्रदेश / शिमला : मंत्रिमंडल की बैठक में जयराम सरकार ने नौकारियों का पिटारा खोल दिया है, जिसके तहत विभिन्न विभागों में सैंकड़ों पदों पर भर्तियां करने का निर्णय लिया लिया गया है। मंत्रिमंडल ने स्वास्थ्य विभाग में वॉक-इन-इंटरव्यू के माध्यम से सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने पर अनुबंध आधार पर चिकित्सा अधिकारियों के 144 पद सृजित कर उन्हें भरने का निर्णय लिया।
इसके अलावा बैठक में ऊना जिला की उपतहसील भिड़ूकलां के अन्तर्गत कानूनगो वृत्त को पुनर्गठित करने और एक कानूनगो वृत्त तथा प्रोइयां कलां और वल्ह में 2 नए पटवार वृत्त सृजित करने तथा इन नए वृत्तों मेें विभिन्न श्रेणियों के 6 पद सृजित करने को भी स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में गृह रक्षक एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में आदेशक/जूनियर स्टॉफ ऑफिसर के 3 पद अनुबंध आधार पर सीधी भर्ती के माध्यम से भरने को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में सोलन जिला के राजकीय स्नातक महाविद्यालय कंडाघाट मेें विज्ञान संकाय, भूगोल और शारीरिक शिक्षा की कक्षाएं प्रारम्भ करने तथा सहायक प्रोफैसर के 6 पद सृजित करने को भी स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमंडल ने राजकीय माध्यमिक पाठशाला रैणगलू को राजकीय उच्च पाठशाला में स्तरोन्नत करने और राजकीय उच्च पाठशाला लम्बसफड़ को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत कर इन नए स्तरोन्नत संस्थानों के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 10 पदों को सृजित करने एवं भरने को भी अपनी स्वीकृति प्रदान की।
मंत्रिमंडल ने सिरमौर जिला के श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला संगड़ाह, देवरघाट, बवाही ब्लीच, चिया मिनयाणा, हियूं शलामू और कून को विभिन्न श्रेणियों के 18 पदों के सृजन सहित राजकीय माध्यमिक पाठशालाओं में स्तरोन्नत करने को भी स्वीकृति प्रदान की। बैठक में कांगड़ा जिला के जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टटैहल में विज्ञान संकाय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अंद्रेटा में वाणिज्य संकाय की कक्षाएं शुरू करने और
इन पाठशालाओं में प्रवक्ता के 5 पद सृजित करने को भी स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमंडल ने किन्नौर जिला की ग्राम पंचायत सुंगरा के थानंग गांव में पशु औषधालय खोलने तथा विभिन्न श्रेणियों के 2 पद सृजित कर भरने को भी स्वीकृति प्रदान की। बैठक में मंडी जिला के किन्दर और दिदर तथा कुल्लू जिला के सोयल, जबू और मुंड-डल गांवों में नए पशु औषधालय खोलने तथा इनके लिए विभिन्न श्रेणियों के 16 पद सृजित करने को भी स्वीकृति प्रदान की।
बैठक में मंडी जिला की धर्मपुर तहसील के बनेरडी गांव में पशु अस्पताल खोलने तथा इसके लिए विभिन्न श्रेणियों के 5 पद सृजित कर भरने का भी निर्णय लिया गया। इससे क्षेत्र के 6 गांवों की लगभग 1300 की आबादी लाभान्वित होगी। मंत्रिमंडल ने मंडी जिला के प्रदानाजोल में नया पशु औषधालय खोलने और इस संस्थान को कार्यशील करने के लिए 2 पदों को सृजित करने का निर्णय लिया। मंत्रिमंडल ने पशु औषधालय चुलहारी को पशु अस्पताल में स्तरोन्नत करने के साथ-साथ इस संस्थान में विभिन्न श्रेणियों में 3 पदों को सृजित कर उन्हें भरने का निर्णय लिया।





































