PTB Big न्यूज़ नई दिल्ली : देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभी भारत के बहादुर पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर बात की। पीएम मोदी ने उनसे उनकी सेहत का हाल जाना और हादसे के बारे में बात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात करते हुए कैप्टन स्मित मच्छार ने अपने अनुभव के बारे में बताया कि उस समय उनके मन में क्या चल रहा था। साथ ही स्मित ने यह भी बताया कि उस घटना के दौरान उन्हें हिम्मत कहां से मिली।
.प्रधानमंत्री मोदी ने 174 लोगों की जान बचाने वाले स्मित की बहादुरी की तारीफ की और उनके जल्द ठीक होने की कामना की। पीएम मोदी ने कहा कि पूरे देश को आप पर गर्व है और पूरी दुनिया आपकी बहादुरी तारीफ कर रही हैं। आपकी सूझबूझ से कई जानें बची हैं। स्मित मच्छार ने पीएम मोदी को फोन पर बताया कि वह हादसे के दौरान हनुमान चालिसा पढ़ रहे थे। उन्होंने कहा कि उन्हें और बाकी यात्रियों को उस दिन हनुमान जी ने बचाया।
. .मैं भले ही अपने देश से दूर हूं, लेकिन अपनी संस्कृति से दूर नहीं हूं। जब भी कठिन समय आता है तब मैं अपने बेटे से साथ हनुमान चालिसा पढ़ता हूं। फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार, प्रधानमंत्री मोदी के सामने अपनी मुश्किल घड़ी का जिक्र करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि आप मेरे सबसे बड़े आदर्श हैं। आज आप जिस तरह मेरा हौसला बढ़ा रहे हैं, उस पर मुझे गर्व महसूस हो रहा है। मुझे कई चोटें आई थीं, लेकिन मैंने खुद से कहा कि मुझे उठना होगा और कुछ करना होगा।
.उस समय, मैंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने के लिए खुद को मोटिवेट किया। मैं अपनी आंखों से सामने लोगों को मरते हुए नहीं देख सकता। इससे पहले, गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्मित मच्छार के परिवार वालों से बात की थी। भारत सरकार के सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने पायलट स्मित मच्छार की पत्नी और माता-पिता से बात की। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भारतीय मिशन हर संभव मदद मुहैया करा रहे हैं।
. .घटना के बाद, प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने कहा था, “कैप्टन स्मित मच्छार एक हीरो हैं। बेहद खतरनाक हालात का सामना करने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए जबरदस्त हिम्मत और अटूट संकल्प दिखाया। पीएम मोदी ने आगे कहा, “उनकी बहादुरी ने सैकड़ों लोगों की जान बचाई और एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया। भारत को कैप्टन मच्छार पर गर्व है।
.हम उनके जल्द ठीक होने, नई ताकत पाने और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करते हैं। गौरतलब है कि गुजरात के रहने वाले स्मित मच्छार पर दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान में को-पायलट ने हमला किया था। चाकू से हुए हमले में घायल होने के बावजूद, स्मित मच्छार ने यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा सुनिश्चित की। फ्लाइट में ज्यादातर इजराइली नागरिक थे, जिन्होंने को-पायलट को काबू में किया और बाद में विमान को तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।
इजराइल के प्रधानमंत्री के अनुसार, घटना के दौरान पायलट मच्छार को चाकू मारा गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, उन्होंने जवाबी कार्रवाई की, हमलावर का मुकाबला किया, कॉकपिट का दरवाजा खोला और हमलावर को काबू करने में यात्रियों और क्रू सदस्यों की मदद की। पायलट स्मित मच्छार अभी उत्तर-पश्चिमी सऊदी अरब के तबुक शहर के एक अस्पताल में भर्ती हैं और उन्हें जरूरी इलाज मिल रहा है।
































