PTB Big Political न्यूज़ चंडीगढ़ : पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू ने संकेत दिए हैं कि फरवरी 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में कई विधायकों का टिकट कट सकता है / उन्होंने कहा कि यह जरूरी नहीं है कि हर विधायक को टिकट दिया जाए / मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से AG APS देयोल और डीजीपी इकबाल प्रीत सिंह सहोता को लगाने से नाराजगी के चलते पिछले एक महीने से कांग्रेस कार्यालय से दूर रहने के बाद आज सिद्धू ने एक बार फिर से अपना पदभार ग्रहण किया /
इस मौके पर पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश चौधरी और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सहित सभी सीनियर नेता भी शामिल थे / बाद में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए नवजोत सिद्धू ने दावा किया कि एक महीने के अंदर-अंदर वह कांग्रेस की ताकत को दिखाएंगे / एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि दस दिन के भीतर पार्टी अपने संगठन का ऐलान करेगी / उन्होंने कहा कि चुनाव में जीतने वाले व्यक्ति को ही टिकट मिलेगा / सर्वे आदि करवाने के बाद ही टिकट तय होगा /
सीएम का चेहरा कौन होगा, इस सवाल पर पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश चौधरी सवाल को टाल गए और सिद्धू की मौजूदगी में ही बोले कि हमारे लिए हर पंजाबी सीएम का चेहरा है और जो भी पंजाबियत की बात को आगे बढ़ाएगा वह हमारे लिए सीएम का उम्मीदवार है / वहीं सिद्धू ने आज एक बार फिर से पंजाब की पतली वित्तीय हालत की बात करते हुए कहा कि आने वाले चुनाव केवल जीतने के लिए नहीं बल्कि लोगों की जिंदगी को बदलने के लिए लड़े जाएंगे /
नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि कोई भी राज्य तभी उन्नति करता है जब वह स्वनिर्भर हो / कर्ज लेकर वेलफेयर की योजनाएं चलाने से राज्य उन्नति नहीं कर सकते / उन्होंने कहा कि बेअदबी, बीएसएफ और ड्रग्स को छोड़कर शेष सभी ऐसे मुद्दे हैं, जिसमें पैसे की जरूरत है / हमारी सरकार जिन योजनाओं को ऐलान कर रही है वह केवल दो महीने के लिए नहीं हैं, बल्कि लंबे समय के लिए इसे कैसे बनाकर रखना है हम इस पर काम कर रहे हैं /




























