PTB Big न्यूज़ नई दिल्ली : एनडीटीवी इंडिया के वरिष्ठ कार्यकारी संपादक रवीश कुमार ने इस्तीफा दे दिया है। एनडीटीवी (हिंदी) का जाना माना चेहरा रवीश कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान कई कार्यकर्मों की मेजबानी की जिनमें हम लोग, रवीश की रिपोर्ट, देश की बात और प्राइम टाइम शामिल है।
रवीश कुमार को दो बार पत्रकारिता में योगदान के लिए रामनाथ गोयनका उत्कृष्टता पुरस्कार और 2019 में रेमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वहीं, एनडीटीवी के नए बोर्ड ने मंगलवार देर रात एक नाटकीय घटनाक्रम में प्रणय रॉय और राधिका रॉय के आरआरपीआर होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड (आरआरपीआर) के निदेशक पद से इस्तीफे को मंजूरी दे दी।
इस्तीफे के बाद ये दोनों एनडीटीवी के मौजूदा और लंबे समय से प्रवर्तक और प्रबंधन कंपनी से बाहर हो गए हैं। इस प्रकार अदाणी समूह का अधिग्रहण पूरा हो गया। बोर्ड ने तत्काल प्रभाव से आरआरपीआरएच बोर्ड में संजय पुगलिया सुदीप्ता भट्टाचार्य और सेंथिल सिनेया चेंगलवार्यन को निदेशक नियुक्त किया।








































