PTB Big न्यूज़ फिरोजपुर : मक्खू के गांव मस्तेवाला में मंगलवार दोपहर को पुरानी रंजिश में गांव के ही 34 वर्षीय दलजीत सिंह की सिर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता था। एक कांग्रेस पर सरपंच पर उसकी हत्या का आरोप स्वजनों ने लगाया है। गौरतलब है कि राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार बने 27 दिन बीत चुके हैं। इस दौरान 27 लोगों की हत्या हो चुकी है।
उधर, घटना की जानकारी मिलते ही जीरा के आप विधायक नरेश कटारिया जीरा के अस्पताल पहुंचे और परिवार को इंसाफ दिलाने की बात कही। दलजीत सिंह के भाई गुरप्रीत सिंह ने बताया कि मंगलवार दोपहर को वह अपने भाई दलजीत सिंह के साथ बाइक पर गेहूं की कटाई देखने खेतों में जा रहा था। रास्ते में पहले से ही एक कांग्रेस सरपंच भतीजा और उसके साथी घात लगाए बैठे थे। हमलावरों ने उनको रास्ते में घेर लिया। हमलावर ने भाई दलजीत पर पिस्तौल से गोलियां चलानी शुरू कर दी। दो गोलियां दलजीत के सिर में लगीं।
गुरप्रीत ने कहा कि वह अपनी जान बचाने के लिए गांव की तरफ भागा और शोर मचाने पर गांव वाले इकट्ठा हो गए। जब तक लोगों ने आकर देखा, तब तक दलजीत की मौत हो चुकी थी। डीएसपी संदीप सिंह मंड भी मौके पर पहुंचे। उनका कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दलजीत सिंह के शव को जीरा के सिविल अस्पताल में लाया गया। पारिवारिक सदस्यों के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक दलजीत सिंह और सरपंच के भतीजे में पहले से ही रंजिश थी। इस कारण दोनों पक्षों पर पहले भी लड़ाई-झगड़े के क्रास मामले दर्ज हो चुके हैं। मृतक दलजीत की मां के मुताबिक कुछ दिन पहले भी आरोपितों ने उसके बेटे से झगड़ा किया था उन्होंने पुलिस को शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उधर, दूसरे पक्ष के लोग घटना के बाद से फरार हैं। सिविल अस्पताल, जीरा पहुंचे आप विधायक नरेश कटारिया ने कहा कि हत्या करने वालों पर कार्रवाई जरूर होगी।
































