PTB Big News चंडीगढ़ : पंजाब के CM भगवंत मान दिल्ली दौरे के लिए चंडीगढ़ से रवाना हो गए हैं। 2 दिन के इस दौरे में वह दिल्ली के सरकारी स्कूल और मोहल्ला क्लीनिक देखेंगे। उनके साथ सेहत मंत्री डॉ. विजय सिंगला और शिक्षा मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर भी होंगे। दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल उनके साथ होंगे। इसके अलावा पंजाब और दिल्ली के शिक्षा और सेहत अफसर भी दौरे में रहेंगे।
सोमवार को पहले CM मान कालका जी स्थित डॉ. अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ एक्सीलेंस का दौरा करेंगे। इसके बाद चिराग एनक्लेव के ग्रेटर कैलाश में मोहल्ला क्लीनिक जाएंगे। फिर कौटिल्य सरकारी सर्वोदय बाल विद्यालय चिराग एनक्लेव पहुंचेंगे। फिर सीएम अरविंद केजरीवाल के साथ स्कूल में बने स्विमिंग पूल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद दिलशाद बाग स्थित राजीव गांधी अस्पताल का दौरा कर नागरिकों को दी जा रही सहूलियतों के बारे में जानकारी लेंगे।
आम आदमी पार्टी का दावा है कि दिल्ली मॉडल की तर्ज पर पंजाब के सरकारी स्कूलों में सुधार किया जाएगा। इसके अलावा गांव और वार्डों में 16 हजार पिंड क्लीनिक बनाए जाएंगे। विधानसभा चुनाव के प्रचार में अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की जोड़ी ने यह वादा किया था।





































