PTB Big Political जालंधर : जालंधर के जिलाधीश एवं इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के प्रशासक घनश्याम थोरी ने इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की गुम हुई फाइलों के मामले में कांग्रेस नेता और ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन दलजीत सिंह आहलूवालिया पर उचित धाराओं में केस दर्ज करने की संतुति की है। उनके साथ ट्रस्ट के सीनियर सहायक अजय मल्होत्रा पर भी केस दर्ज होगा।
इसके लिए उन्होंने पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह तूर को पत्र लिख दिया है। इसके साथ गुम हुईं 120 फाइलों की लिस्ट भी भेजी गई है। ये फाइलें इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की 23 विभिन्न स्कीमों के रिहायशी कमर्शियल और बूथों से संबंधित हैं। इससे पहले इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के एग्जीक्यूटिव आफिसर भी पुलिस कमिश्नर को पत्र लिख चुके हैं।
ट्रस्ट की फाइलें गुम होने का मामला चीफ विजिलेंस अफसर की जांच में भी सामने आया था। आरोप है कि यह फाइलें सीनियर सहायक अजय मल्होत्रा, जो कि तत्कालीन ट्रस्ट चेयरमैन दलजीत सिंह आहलूवालिया के OSD के तौर पर काम कर रहे थे, ने रिकॉर्ड से निकलवा कर आहलूवालिया के आफिस में पहुंचाई थी। यह भी आरोप है कि यह फाइलें तत्कालीन चेयरमैन तक तो पहुंचाई गईं लेकिन वापस रिकॉर्ड में जमा नहीं हुई।
इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के कई मुलाजिमों ने भी सीवीओ के सामने यह बयान दिया था कि कई फाइलें इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन के पास हैं। डिप्टी कमिश्नर ने अपने पत्र में लिखा है कि यह फाइलें बेहद अहम हैं और इनके न मिलने से कई रिकॉर्ड का लेखा-जोखा नहीं मिलाया जा सकेगा। इससे इंप्रूवमेंट ट्रस्ट को भारी वित्तीय नुकसान हो रहा है। जिलाधीश ने पुलिस कमिश्नर से इस संबंध में दलजीत सिंह आहलूवालिया और अजय मल्होत्रा पर बनती धाराओं के तहत केस दर्ज करने के लिए कहा है।





































