PTB Sad न्यूज़ लुधियाना : लुधियाना के नामी स्कूल में बुधवार सुबह अचानक आग लग गई। आग लगते ही पूरे स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में स्कूल की छुट्टी कर बच्चों को घर भेजा गया। स्कूल प्रशासन ने तुरंत सभी बच्चों को क्लास से सुरक्षित बाहर निकाला। छोटे बच्चों कोखुद घर भेजा और बड़े बच्चों के पेरेंट्स को मैसेज भेजे गए।
. .जानकारी के मुताबिक, शुरुआत में जनरेटर रूम से धुआं निकला था, जिसके बाद आग की ऊंची लपटें देखी गईं। स्कूल मैनेजमेंट ने तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया। स्टाफ की मुस्तैदी के चलते बड़ा हादसा होने से टल गया। जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह 9 बजे दुगरी फेज-1 अर्बन एस्टेट स्थित राम लाल भसीन पब्लिक स्कूल में हुआ, जब स्कूल चल रहा था। अचानक स्कूल के जनरेटर रूम से धुआं और आग की लपटें उठती देख स्टाफ के होश उड़ गए।
. .शुरुआती तफ्तीश में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आग लगने की खबर फैलते ही पूरे स्कूल परिसर को खाली करा दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही, आत्म नगर के विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और स्कूल प्रशासन के प्रबंधकों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली।
. .विधायक सिद्धू ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस मामले की पूरी जांच करवाई जाएगी। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। गनीमत यह रही कि इस पूरे हादसे में किसी भी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ। सभी बच्चे और स्कूल स्टाफ पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
.यह भी पढ़ें : जालंधर! आर्मी ट्रक ने 5वीं की स्कूली छात्रा को कुचला, बेटी का शव देख पिता हुआ बेहोश



































