PTB News

Latest news
विधायक इंदरजीत कौर ने नकोदर की आंगनवाड़ी वर्करों को सौंपा ₹19.64 लाख का चेक आई वी वर्ल्ड स्कूल में राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह (14–20 नवंबर) के अंतर्गत रोचक गतिविधियों का आयोजन,... एचएमवी की मान्या ने 8.49 सीजीपीए के साथ यूनिवर्सिटी में पहला स्थान हासिल किया, केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के 40 वर्ष पूरे होने के बाद राज्य को मिलेगी 50 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्... जालंधर की AGI Infra ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया पंजाब का मान जालंधर : आप के राज में क्या जालंधर सेंट्रल में अभी भी बिक रहा है नशा, एक हत्या के बाद खड़े हुए कई सवा... एच.एम.वी. में पद्मश्री प्रो. एच.सी. वर्मा के साथ ‘फिजिक्स मंथन’ का आयोजन, सेंट सोल्जर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की विभिन्न शाखाओं में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया श्री गु... इनोसेंट हार्ट्स में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व, जीएनए यूनिवर्सिटी ने कपूरथला में शिक्षकों के सम्मान में ‘आभार 2026’ – अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार सम...

केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के 40 वर्ष पूरे होने के बाद राज्य को मिलेगी 50 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी,

After completion of 40 years of Central Public Sector Undertakings the state will get 50 percent free power royalty

PTB Political News हिमाचल प्रदेश : हिमाचल प्रदेश की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति-2021 में संशोधन को मंजूरी प्रदान की है। इस संशोधन के तहत केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, जिनमें एनएचपीसी, एसजेवीएन और एनटीपीसी शामिल हैं, द्वारा संचालित जलविद्युत परियोजनाओं के संचालन शुरू होने के 40 वर्ष पूरे होने के बाद मिलने वाली मुफ्त बिजली रॉयल्टी को बढ़ाया जाएगा।

.

संशोधित प्रावधानों के अनुसार, इन परियोजनाओं को 40 वर्ष पूरे होने के बाद अगले 10 वर्षों तक राज्य सरकार को 50 प्रतिशत की बढ़ी हुई दर से मुफ्त बिजली रॉयल्टी देनी होगी। इसके बाद, परियोजना संचालित होने के 50 वर्ष पूरे होने पर संबंधित परियोजनाएं सभी प्रकार की देनदारियों से मुक्त होने के बाद बिना किसी लागत के राज्य सरकार को हस्तांतरित कर दी जाएंगी। इन प्रावधानों को लागू करने के लिए संबंधित केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के साथ अलग-अलग समझौते किए जाएंगे।

.

वर्तमान में मौजूदा नीति के तहत राज्य को मुफ्त बिजली रॉयल्टी के रूप में पहले 12 वर्षों तक 12 प्रतिशत, आगामी 18 वर्षों तक 18 प्रतिशत और शेष 10 वर्षों तक 30 प्रतिशत बिजली प्रदान की जाती है। 30 सितंबर, 2024 को अधिसूचित प्रावधान मुख्य रूप से केंद्रीय और राज्य सार्वजनिक उपक्रमों तथा संयुक्त क्षेत्र की संस्थाओं को आवंटित या आवंटित की जाने वाली परियोजनाओं पर लागू थे। इसके कारण एनएचपीसी, एसजेवीएन और एनटीपीसी द्वारा पहले से ही संचालित जलविद्युत परियोजनाओं से रॉयल्टी बढ़ाने का मामला सम्मिलित नहीं हो पा रहा था।

.

इस संशोधन के दायरे में प्रदेश की कई प्रमुख जलविद्युत परियोजनाएं आएंगी। इनमें एनएचपीसी की बैरा स्यूल, चमेरा-1, चमेरा-2, चमेरा-3, पार्वती चरण-2 और पार्वती चरण-3 परियोजनाएं शामिल हैं। वहीं, एसजेवीएन की नाथपा झाकड़ी और रामपुर परियोजनाएं तथा एनटीपीसी की कोल बांध परियोजना भी इसके अंतर्गत आएंगी। उल्लेखनीय है कि बैरा स्यूल जलविद्युत परियोजना वर्ष 1982 में शुरू हुई थी और इसे व्यावसायिक रूप से संचालित हुए 40 वर्ष से अधिक का समय हो चुका है।

.

हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य के लिए जल सबसे मूल्यवान प्राकृतिक संसाधनों में से एक है। इस बात को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार का मत है कि राज्य की विशिष्ट भौगोलिक और आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए जल संसाधनों के उपयोग से होने वाले लाभों में प्रदेश की उचित हिस्सेदारी सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। इस संशोधन का उद्देश्य विशेष रूप से उन जलविद्युत परियोजनाओं से राज्य को अधिक और उचित लाभ दिलाना है, जिन्होंने अपने संचालन के 40 वर्ष पूरे कर लिए हैं।

.

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और सरकार प्रदेशवासियों को अधिकतम लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य के प्राकृतिक संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि जलविद्युत राज्य की आय के प्रमुख स्रोतों में से एक है और यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि हिमाचल प्रदेश को अपने जल संसाधनों का उपयोग करने वाली परियोजनाओं में उसका उचित हिस्सा मिले।

.

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुफ्त बिजली रॉयल्टी में की गई इस वृद्धि से राज्य की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी तथा विकासात्मक और जनकल्याणकारी गतिविधियों के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेश की जनता को अपने बहुमूल्य प्राकृतिक संसाधनों से उचित और समान लाभ प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।

.