PTB Crime News हाशियारपुर : पंजाब के हाशियारपुर में गुरुवार सुबह एक व्यक्ति की गोली मार कर हत्या कर दी गई। सूचना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच कर छानबीन कर रही है। मृतक के शव को अस्पताल में रखा गया है। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी।
बताया गया है कि होशियारपुर के टांडा उड़मुड़ के गांव कुराला में गुरुवार सुबह रिश्तेदार के साथ हुए झगड़े में एक व्यक्ति को गोली मार दी गई। गोली लगने के बाद उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान हरप्रीत सिंह पुत्र सुरिन्दर सिंह के रूप में हुई है। गोली मारने का आरोप रिश्तेदार पर ही है। हरप्रीत सिंह को जख्मी हालत में टांडा के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हरप्रीत की हत्या की सूचना के बाद टांडा पुलिस गांव कुराला पहुंची। मौके का मुआयना किया और आसपास के लोगों से बातचीत कर वारदात का पूरा ब्यौरा लिया। फिलहाल मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखा गया है। हरप्रीत का अपने रिश्तेदार के साथ झगड़ा किस बात पर हुआ, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर ही केस दर्ज करेगी।





































