PTB Big न्यूज़ कपूरथला : पंजाब में कपूरथला जिला प्रशासन ने मैसर्ज गोल्डन संधर शुगर मिल की ओर से गन्ना किसानों के बकाये की अदायगी करने के लिए सख्त कदम उठाते हुए मिल मालिकों के गोल्ड जिम जीटी रोड के पास फगवाड़ा बस स्टैंड के भवन, उपकरण और अन्य भौतिक वस्तुओं को तत्काल प्रभाव से कलेक्टर कपूरथला के हक में कुर्क कर दिया गया है। ध्यान रहे कि यह अटैचमेंट जिम भूमि पर लागू नहीं है, क्योंकि भूमि महाराजा जगतजीत कपूरथला (अब पंजाब सरकार) के स्वामित्व में है।
एसडीएम फगवाड़ा लाल विश्वास की ओर से जारी आदेशों के अनुसार डिफाल्टर मिल मालिकों की ओर से भुगतान योग्य कुल बकाया राशि का एक हिस्सा वसूल करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। जिसके तहत अटैचमेंट की अवधि के दौरान जिम संचालकों को यह हिदायत की गई है कि जिला प्रशासन की ओर से संचालित खाते में जिम से होने वाली सारी आय जमा करवाएं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ऐसा नहीं करने पर संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा उक्त फर्म के बैंक खाता नंबर संबंधित बैंकों के प्रबंधकों को भेजकर फर्म के बैंक खातों को सील करने के भी आदेश दिए गए हैं ताकि किसी प्रकार की राशि की निकासी न हो सके। यह भी स्पष्ट किया गया है कि इन खातों में कोई राशि जमा करने पर कोई रोक नहीं है। उल्लेखनीय है कि तहसीलदार फगवाड़ा की ओर से रिपोर्ट दी गई थी कि गोल्डन संधर शुगर मिल फगवाड़ा
जिला कपूरथला की तरफ गन्ना किसानों की 50 करोड़ 33 लाख की रिकवरी बाकी है। उनकी ओर से यह भी ध्यान में लाया गया कि गोल्डन संधर मिल मालिक बस स्टैंड फगवाड़ा के पास गोल्ड जिम नाम के एक जिम से कमाई कर रहे हैं, जिसके कारण मिल मालिकों की जमीन और संपत्ति को पंजाब सरकार के माध्यम से कलेक्टर कपूरथला के पक्ष में कुर्क किया जाना चाहिए, जिस पर इस जिम के भवन व उपकरणों को अटैच किया गया है।








































