PTB Accident News चंबा : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार मृतक के घर परिजनों को सांत्वना देने जा रहे ग्रामीणों की गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में लुढ़क गई। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई है। हादसे में 28 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें से गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसा मंगलवार सुबह 11 बजे चुवाड़ी क्षेत्र में भराड़ी के सरोल नाला में हुआ।
हादसे के समय गाड़ी में 30 लोग सवार थे। सूचना मिलने के बाद चुवाड़ी और बकलोह चौकी से पुलिस, एंबुलेंस मौके पर पहुंची। हादसे की पुष्टि एसएमओ ने की है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस छानबीन कर रही है। वहीं, सीएम जयराम ठाकुर ने ट्वीट कर चंबा में हुए दर्दनाक हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ईश्वर शोकग्रस्त परिवारों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। कहा कि घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है और प्रशासन फौरी राहत कार्य में जुट गया है।






























