PTB Big न्यूज़ चंडीगढ़ : पंजाब के हजारों करोड़ के ड्रग मामले में सील बंद रिपोर्ट खोलने के बाद CM भगवंत मान ने कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने ड्रग तस्करी केस में PPS राजजीत सिंह को नामजद किया है। साथ ही उन्हें नौकरी से भी तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। CM मान ने इस संबंध में ट्वीट कर जानकारी दी है।
CM भगवंत मान ने आरोपी राजजीत सिंह द्वारा चिट्टे की तस्करी से अर्जित संपत्ति का पता लगाने के लिए पंजाब विजिलेंस जांच के आदेश भी दिए हैं। CM भगवंत मान ने बीते समय ड्रग रैकेट केस की सभी फाइलें तलब की थी। उसी समय कार्रवाई किए जाने की आशंका जताई गई थी। मामले में हाईकोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान भी पंजाब सरकार ने कार्रवाई के लिए तैयार होना बताया था।

हाईकोर्ट ने आरोपी SSP मोगा राजजीत सिंह समेत इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह संबंधी मामले की जांच के आदेश STF को दिए थे। वहीं राजजीत सिंह ने हाईकोर्ट में अर्जी दायर कर कहा था कि STF प्रमुख हरप्रीत सिंह सिद्धू उनके मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कर सकते हैं। इस कारण हाईकोर्ट ने DGP सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय, ADGP प्रभोद कुमार और IG कुंवर विजय प्रताप सिंह की SIT गठित कर जांच के आदेश दिए।
जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट हाईकोर्ट को सौंपी थी। जबकि सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय ने दो रिपोर्ट्स अलग से सीधे हाईकोर्ट को सौंपी थी, जो हाईकोर्ट में सीलबंद लिफाफे में हैं। इस कारण पंजाब सरकार पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाना उचित नहीं है। बताया गया कि अन्य रिपोर्ट्स पर पंजाब सरकार कार्रवाई कर रही है। हाईकोर्ट के आदेश पर सरकार इन तीन रिपोर्ट्स पर कार्रवाई को तैयार है।








































