PTB न्यूज़ “शिक्षा” : राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान दर्ज करवाने वाले कैम्ब्रिज इंटरनैशनल स्कूल दसूहा के विद्यार्थियों ने हमेशा की तरह एक बार फिर उच्च स्तरीय परीक्षा में बढ़िया अंकों से सफलता प्राप्त करके क्षेत्र और स्कूल को गौरवान्वित होने का अवसर प्रदान किया है।उनकी ऐसी उपलब्धियों से सभी विद्यार्थियों को परिश्रम करने और सफ़लता प्राप्त करने की प्रेरणा मिलती है।
प्रत्येक वर्ष लाखों की संख्या में विद्यार्थी NEET की परीक्षा देते हैं। इस वर्ष 18 लाख विद्यार्थियों ने ये परीक्षा दी थी जिसमें से कैम्ब्रिज इंटरनैशनल स्कूल दसूहा के हर्षित चौधरी ने इस परीक्षा में 630 अंक (99.45 परसेंटाइल) लेकर पूरे भारत में जनरल कैटेगरी में से 4497वां स्थान प्राप्त किया।कुलदीप ने 559 अंक (97.5 परसेंटाइल) तथा नितिका ने 549 (97.1 परसेंटाइल) अंक प्राप्त किए।अपनी इस उपलब्धि से इन बच्चों ने अपने माता–पिता के साथ–साथ स्कूल का नाम भी रोशन किया है।
इस विशेष अवसर पर स्कूल के चेयरमैन श्री संजीव कुमार वासल जी ने बच्चों को बधाई दी तथा बच्चों को प्रोत्साहित करने हेतु केक कटिंग सेरेमनी भी की गई।उन्होंने बच्चों को भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत करने के लिए प्रेरित भी किया।परिश्रम को अपना लक्ष्य मानने वाले इन बच्चों ने अपनी सफ़लता का श्रेय अपने माता–पिता और अध्यापकों को दिया।
बच्चों के अभिभावकों ने भी इस मौके पर हर्ष प्रकट करते हुए स्कूल तथा अध्यापकों का धन्यवाद किया और कहा कि इसका श्रेय स्कूल तथा अध्यापकों को भी जाता है जो विद्यार्थियों को ऐसी परीक्षाओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करते है, उन्हें तैयार करते हैं और उनकी सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।
स्कूल के प्रिंसीपल श्री ओ.पी.गुप्ता ने बच्चों तथा उनके अभिभावकों को सफलता की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इंसान को अपने जीवन में हमेशा सफलता प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करते रहना चाहिए क्योंकि किसी भी काम के प्रति की गई सच्ची मेहनत और लगन कभी भी निष्फल नहीं जाती तथा कड़ी मेहनत सफलता की पहली सीढ़ी है।
इस अवसर पर वासल ऐजूकेशनल ग्रुप के प्रधान श्री के.के. वासल, डायरेक्टर श्रीमती ईना वासल तथा सी ई ओ राघव वासल ने विद्यार्थियों की अथक मेहनत की प्रशंसा की तथा उनको जीवन में और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित भी किया।इस अवसर पर उन्होंने ये भी कहा कि स्कूल सर्वदा समय–समय पर उनके विद्यार्थियों का जीवन में सही मार्गदर्शन करता रहेगा।



































