PTB Big न्यूज़ अमृतसर : शहर के डीएवी पब्लिक स्कूल को बम से उड़ाने का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि फतेहगढ़ चूड़िया रोड पर स्थित स्प्रिंग डेल सीनियर सेकेंडरी स्कूल को भी बम से उड़ाने की धमकी दे दी गई। यह धमकी किसी और ने नहीं बल्कि इसी स्कूल के दो छात्रों ने दी।
धमकी भरा मैसेज स्कूल के दो छात्रों ने इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। यह मैसेज स्कूल प्रबंधन को मिला तो उन्होंने पुलिस कमिश्नर अरुणपाल सिंह के पास इसकी शिकायत की। उन्होंने इस मामले को कुछ ही घंटों में ट्रेस भी कर लिया। पुलिस ने दो बच्चों के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया है। ये बच्चे दसवीं कक्षा में पढ़ते हैं। पुलिस कमिश्नर अरुणपाल सिंह का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच के बाद यह इस मामले को ट्रेस कर लिया गया है।
कुछ दिन पहले ही लारेंस रोड स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल को भी बम से उड़ाने व गैंगस्टरों की तरफ से गोलियां चलाने की धमकी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई थी। पुलिस ने जांच की तो उसमें बच्चों की शमूलियत सामने आई। 9वीं कक्षा के बच्चों ने ही यह धमकी दी थी लेकिन पुलिस ने उन पर कार्रवाई न करते हुए स्कूल प्रबंधन को कार्रवाई करने के लिए कहा गया।
बच्चों ने अपने अभिभावकों का मोबाइल लेकर उस पर मैसेज लिखा, ‘16 सितंबर को स्कूल में प्लांटेशन होगी और धमाका भी उसी दिन होगा, बच सको तो बच लो।’ इस मैसेज को बच्चों ने उर्दू में भी कनवर्ट किया था। पुलिस के साइबर सैल ने इस मामले की जांच की तो सब साफ हुआ।



































