PTB Big न्यूज़ लुधियाना : शिरोमणि अकाली दल (बादल) के नेता और शहर के जाने-माने व्यापारी विपन सूद काका समेत पांच लोगों को पुलिस ने नामजद कर लिया है। सोमवार की रात उनकी गाड़ी का चालान काटने के विरोध में विपन सूद काका ने प्रदर्शन किया था। यही नहीं देर रात थाने में शीशे तक तोड़ दिए गए थे। इस पर ही देर रात पुलिस की तरफ से आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने विपन सूद काका, उनके बेटे शिवम सूद, गुरवीर सिंह मक्कड़ उर्फ रिक्की, संजय बिट्टू और बरजिंदर सिंह खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार सोमवार की रात विपिन सूद काका अपने बेटे के साथ कार में सवार होकर सराभा नगर मार्केट से गुजर रहे थे। वहां पर पुलिस की तरफ से नाकाबंदी की हुई थी और गाडियों की चेकिंग की जा रही थी।
तभी वहां मौजूद पुलिस पार्टी ने विपिन सूद काका की गाड़ी का चालान काट दिया था। इसके बाद वह अपने समर्थकों के साथ थाना डिवीजन नंबर पांच पहुंचे थे और वहां पर रोष जाहिर किया था। आरोप है कि उनके समर्थकों ने थाने में पुलिस मुलाजिमों के साथ धक्का मुक्की की थी और थाने में लगे शीशे तोड़ दिए थे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देर रात यह आपराधिक मामला दर्ज किया है।



































