PTB Big न्यूज़ रोहतक : रोहतक में कलानौर खंड के गांव लाहली में अध्यापकों की संख्या कम व स्कूल मर्ज करने को लेकर मंगलवार को राजकीय कन्या स्कूल के गेट पर ताला जड़ दिया गया। ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में विद्यार्थियों, अभिभावकों सहित ग्रामीणों ने सरकार विरोधी नारे लगाए।
अभिभावकों का कहना है कि सरकार ने जिस प्रकार से स्कूलों को मर्ज करके स्कूलों को बंद करने का काम किया है इससे गरीब व वंचित तबके के बच्चों की शिक्षा पर गहरा प्रहार हुआ है। वहीं स्कूलों में शिक्षक भर्ती न करके सरकार स्कूल को बंद करने पर लगी हुई है जो उचित नहीं है। 22 सितंबर को चल रहे धरना प्रदर्शन में मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया था कि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।
अभिभावकों ने सरकार को तीन दिन का अल्टीमेट देकर प्रदर्शन समाप्त किया था लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी प्रशासन के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। ऐसे में गुस्साए ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह 8 बजे स्कूल के गेट पर ताला जड़ कर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही अध्यापकों को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी।








































